मधेपुरा. न्यू एनआईसी सभागार में जिले में घरेलू एलपीजी की उपलब्धता व वितरण व्यवस्था को लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी व जिला सूचना व जनसंपर्क पदाधिकारी ने प्रेसवार्ता किया. प्रेसवार्ता में बताया कि जिले में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य व सुचारू है. सभी क्षेत्रों में गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. जिले में 40 गैस एजेंसियां हैं. इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की 18, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की 15 तथा भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की सात एजेंसियां शामिल हैं. इन एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप गैस आपूर्ति लगातार सुनिश्चित की जा रही है. वेंडर के माध्यम से बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. जिले में 4,04,080 एलपीजी उपभोक्ताओं में से 2,78,661 उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लाभान्वित हैं, जबकि 1,25,419 अन्य सामान्य उपभोक्ता हैं. 20 मार्च 2026 को विभिन्न गैस एजेंसियों के गोदामों में कुल 15,593 भरे हुये सिलिंडर उपलब्ध हैं. वहीं, 19 मार्च 2026 को कुल 3,675 घरेलू गैस सिलेंडरों की बिक्री की गयी थी. इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह संतुलित बनी हुई है. जिला प्रशासन द्वारा घरेलू गैस वितरण प्रणाली को सुचारू, पारदर्शी व उपभोक्ता हितैषी बनाए रखने के लिए निरंतर आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं. किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाती है. जिला प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता अनुसार ही गैस बुकिंग कराएं, ताकि समय पर घर तक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके. उपभोक्ताओं की सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. इसके लिए दूरभाष संख्या 06476-222220 व टोल-फ्री हंटिंग लाइन संख्या 1800-345-6318 जारी की गयी है.
एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था सुचारू
एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था सुचारू
