जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य : प्रशासन

समाहरणालय परिसर स्थित न्यूएनआइसी हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए जिला प्रशासन व गैस वितरकों ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू उपयोग हेतु रसोई गैस सिलिंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है.

पीएनजी गैस सस्ती सुरक्षित व किफायती, अधिक से अधिक उपभोक्ता कराएं रजिस्ट्रेशन

मधेपुरा.

समाहरणालय परिसर स्थित न्यूएनआइसी हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए जिला प्रशासन व गैस वितरकों ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू उपयोग हेतु रसोई गैस सिलिंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है.

प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं व केवल आवश्यकता होने पर ही गैस प्राप्त करें. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 4,04,080 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, इनमें से 2,78,661 उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आते हैं. 23 अप्रैल 2026 को 4,665 सिलिंडरों की बिक्री हुई, जबकि 24 अप्रैल 2026 को 12,114 सिलिंडर गोदामों में उपलब्ध हैं. इस माह की औसत खपत 4554 सिलिंडर प्रतिदिन है, जिससे स्पष्ट है कि जिले में किसी प्रकार की कमी नहीं है. इसके अतिरिक्त 822 कॉमर्शियल गैस सिलिंडर भी उपलब्ध हैं.

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान हेतु उपभोक्ता दूरभाष संख्या 06476-222220 पर संपर्क कर सकते हैं.

एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति के साथ-साथ वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में शहरी क्षेत्र में लगभग 1650 से अधिक घरों को पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है, जो सुरक्षित व किफायती है. इच्छुक उपभोक्ता इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, पाइपलाइन डिवीजन, ईस्टर्न रीजन, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट, वार्ड संख्या-20, घोष पथ, आजाद नगर, मधेपुरा स्थित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.

जिला आपूर्ति पदाधिकारी शंकर शरण ने जानकारी दी कि सिंहेश्वर प्रखंड के नगर पंचायत क्षेत्रों में भी पीएनजी की नियमित आपूर्ति की जा रही है. उन्होंने बताया कि पीएनजी गैस सस्ती, सुरक्षित व किफायती होने के कारण अधिक से अधिक एलपीजी गैस उपभोक्ता अपना रजिस्ट्रेशन कराएं, जिससे उन्हें दीर्घकालिक लाभ प्राप्त हो सके. यह सुविधा विशेष रूप से सीमित आय वाले परिवारों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है.

जिला प्रशासन एवं खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा गैस आपूर्ति एवं वितरण प्रणाली की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर एवं सुचारु रूप से गैस उपलब्ध हो सके. अंत में आम जनता से पुनः अपील की गयी है कि वे धैर्य बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन का सहयोग करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >