जनवरी का राशन तीन मार्च को किया गया वितरण
कार्डधारियों ने लगाया आरोप, कहा अधिकारी से मिलीभगत कर की जा रही राशन की कालाबाजारी
शंकरपुर : प्रखंड क्षेत्र के बेहरारी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सह जनवितरण प्रणाली विक्रेता नुनुलाल यादव के द्वारा फरवरी माह का राशन उठाव होने से पहले ही लाभुक से कूपन ले लेने व राशन कार्ड पर फर्जी तरीके से राशन वितरण कर 440 लाभुकों का सैकड़ों क्विंटल अनाज घपलाबाजी कर देने का मामला प्रकाश में आया है.
मालूम हो कि प्रखंड क्षेत्र के बेहरारी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सह जनवितरण डिलर नुनुलाल यादव के द्वारा जनवरी माह का खाद्यान आठ फरवरी को किया गया था. जिसका वितरण तीन मार्च से किया गया. सबसे रोचक बात तो यह है कि जनवरी माह का खाद्यान का उठाव फरवरी माह में किया और वितरण मार्च माह में शुरू किया और जनवरी माह के खद्यान वितरण के समय में ही फरवरी माह का भी राशन कूपन डीलर के द्वारा लाभुक से ले लिया गया. राशन कार्ड पर भी फरवरी माह का राशन अंकित कर दिया गया. जबकि फरवरी माह का राशन का उठाव 16 मार्च को किया गया है.
इससे जाहिर होता है कि जनवितरण डीलर के द्वारा गरीबों के निवाला को कालाबाजारी कर अपने जेब को गर्म करने के फिराक में रहता है. इससे पूर्व चार मार्च को ही अनुमंडल पदाधिकारी मधेपुरा को लाभुकों के द्वारा लिखित आवेदन देकर डीलर का परदा फास करते हुए कहा था कि पैक्स अध्यक्ष सह जनवितरण डीलर नुनुलाल यादव के द्वारा गेहूं एवं चावल का उठाव आठ फरवरी को किया गया था. कार्डधारी के बीच तीन मार्च से वितरण किया गया था.
राशन कार्ड में जबरन जनवरी माह और फरवरी माह का खाद्यान अंकित कर दोनों माह का कूपन भी फार लिया जाता था. जिसका लाभुकों के द्वारा विरोध भी किया गया तो डीलर के द्वारा कार्ड धारी को कहा कि हम ऐसा ही करेंगे. अब अगले महीने में मार्च माह का राशन देंगे. फरवरी माह के राशन को वितरण नहीं करेंगे. निचे से लेकर उपर तक के टेबुल पर चढ़ावा देना पड़ता है. जिसको जहां शिकायत करना है करो. मेरा कुछ नहीं बिगर सकता है. इसकी सूचना तत्काल प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी को दूरभाष पर भी दिया गया था. सूचना के बाद भी किसी प्रकार की जांच पड़ताल नहीं किया गया है.
जिसको लेकर वार्ड नंबर 2, 3, 4, 5, के कार्ड धारी नीरों देवी, पवन देवी, प्रियंका देवी, चुतरी देवी, दोउना देवी, मीणा देवी, कुलिया देवी, सुनीता देवी, अनीता देवी सहित दर्जनों कार्ड धारी ने बताया कि डीलर के द्वारा पदाधिकारी से मिलीभगत कर हम गरीबों के निवाला को वितरण करने के बजाय कालाबाजारी करने के नियत से गोलमाल किया जा रहा है. जबकि इस डीलर को 42 क्विंटल 80 किलो गेहूं और 64 क्विंटल 20 किलो चावल का आवंटन 440 कार्ड धारी के लिए किया जाता है.
