स्वास्थ्य विभाग लोगों की पीड़ा से अब तक है बेखबर
बिहारीगंज : प्रखंड क्षेत्र के शेखपुरा पंचायत के वार्ड नंबर छह व सात में लगभग 50 लोग चेचक से पीड़ित हैं. लेकिन, स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक इसकी रोकथाम के लिए कोई उपाय नहीं किया गया है. पीड़ित रेणु देवी, दिलखुश कुमार, मनखुश कुमार, राज कुमार, अमित कुमार, कपिल देव पाल, संतोष कुमार सहित दर्जनों लोग इस बीमारी से आक्रांत हैं. स्थानीय लोग देसी विधि-विधान के द्वारा इसका उपचार कर रहे हैं.
दवाई प्रयोग करना नहीं चाह रहे हैं. जिस कारण यह बीमारी फैलती जा रही है. वहीं लोगों का कहना है कि आर्थिक रूप से काफी पिछड़े इस मुहल्ले के पीडि़त लोग इलाज के अभाव में बेबस बने हुए हैं. ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह से अधिक चेचक का प्रकोप इस मुहल्ले में जारी है. वहीं महामारी लाने वाली बीमारी के कारण दर्जनों बच्चे धीरे – धीरे कमजोर हो रहे है. पीडि़तों ने बताया कि अचानक हल्का बुखार आता है फिर पूरे शरीर पर धीरे – धीरे फोरा होने लगता है
फिर असहनीय दर्द और बुखार के कारण मरीज की हालत खराब हो जाती है. मरीजे के चहरे पर फोड़े निकल आये है. हालांकि उक्त बीमारी की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा स्वास्थ्य विभाग को नहीं दी गयी है. स्थानीय मुखिया विंदेश्वरी मंडल ने बताया कि वार्ड सात और छह के कई घरों में चेचक का प्रकोप बढ़ते जा रहा है. इस बीमारी के बचाव की ओर ध्यान देने की जरूतर है.
