Lalu Yadav Birthday: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद का आज जन्मदिन है. इस मौके पर उन्हें लगातार बधाइयां मिल रहीं हैं. सीएम सम्राट चौधरी ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी. राबड़ी आवास पर जश्न का माहौल है. पार्टी के सांसद, विधायक, नेता और कार्यकर्ता लगातार उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए राबड़ी आवास पहुंच रहे हैं. इतना ही नहीं, फोन के जरिए भी उन्हें बधाइयां दी जा रहीं हैं.
सीएम सम्राट ने एक्स के जरिए दी बधाई
सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा, ‘बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. प्रभु से आपके स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना करता हूं’. राबड़ी आवास पर लालू प्रसाद से मिलने के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी. लालू यादव ने उनसे मुलाकात की और कार्यकर्ताओं से मिले गिफ्ट को भी स्वीकार किया.
राबड़ी आवास पर भोज की व्यवस्था
लालू प्रसाद के बर्थडे पर भोज की भी तैयारी की गई है. राबड़ी आवास पर पूरी, सब्जी, बुनिया, पुलाव, दाल और अन्य पकवान बनाए गए हैं, जिसे कार्यकर्ताओं को परोसे जा रहे. बताया जा रहा है कि काफी लंबे समय के बाद लालू प्रसाद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच दिखे हैं. इस मौके पर लालू प्रसाद के साथ तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती भी दिखीं.
तेजस्वी यादव ने मीडिया से क्या कहा?
मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, लालू जी का आज जन्मदिन है. आज जन्मदिन के अवसर पर बिहार के लोगों की ओर से बधाइयां और शुभकामनाएं आ रहीं हैं. हम सब लोग चाहेंगे कि लालू जी के मार्गदर्शन में बिहार को आगे बढ़ाते रहे. तेजस्वी ने यह भी कहा कि इस खास मौके पर खाने-पीने की पूरी व्यवस्था है.
आरजेडी कार्यकर्ताओं के साथ लालू ने काटा केक
राबड़ी आवास में लालू प्रसाद के लिए बड़ा सा केक भी लाया गया था. आरजेडी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ उन्होंने केक काटा. इस दौरान राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और उनका पूरा परिवार भी मौजूद रहा. इससे पहले देर रात ही लालू प्रसाद ने अपनी पूरी फैमिली के साथ बर्थडे सेलिब्रेट किया था. इससे जुड़ी तस्वीर तेजस्वी यादव ने एक्स के जरिए शेयर की थी. साथ ही रोहिणी आचार्य और तेज प्रताप यादव ने इमोशनल पोस्ट भी लिखा.
