जिला परिषद सदस्यों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी, मांगों पर अड़े जिप सदस्य

लखीसराय में जिला परिषद सदस्यों का अपनी मांगों को लेकर धरना तीसरे दिन भी जारी है। सदस्य विकास कार्यों के भुगतान और कमीशनखोरी रोकने की मांग कर रहे हैं।

लखीसराय : जिला परिषद कार्यालय के समक्ष अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला परिषद सदस्यों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा. धरने पर बैठे सदस्यों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा. जिप सदस्य ‘करो या मरो’ के नारे के साथ धरने पर डटे हुए हैं.

योजनाओं का काम पूरा, फिर भी भुगतान लंबित

धरना दे रहे सदस्यों का आरोप है कि जिला परिषद की कई योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक संबंधित कार्यों का भुगतान नहीं किया जा रहा है. सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि संवेदकों को डराया-धमकाया जा रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं.

चेयरमैन और अधिकारियों पर लगाया मिलीभगत का आरोप

जिप सदस्य भानु सिंह ने आरोप लगाया कि चेयरमैन और प्रशासनिक अधिकारियों की कथित मिलीभगत के कारण जिला परिषद क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़ा है. उन्होंने कहा कि जनता ने प्रतिनिधियों को विकास के लिए चुना है और अब लोग उनसे योजनाओं की प्रगति को लेकर सवाल कर रहे हैं. ऐसे में जनप्रतिनिधियों के सामने जवाब देना मुश्किल हो रहा है.

समान रूप से योजनाओं के बंटवारे की मांग

जिला परिषद सदस्यों की प्रमुख मांग है कि 16वें वित्त आयोग, 15वें वित्त आयोग, पंचम वित्त आयोग और षष्ठम वित्त आयोग की योजनाओं का बंटवारा पंचायती राज विभाग की गाइडलाइन के अनुसार सभी जिप सदस्यों के बीच समान रूप से किया जाए. इसके साथ कमीशनखोरी पर तत्काल रोक लगाने और पूर्ण हो चुके कार्यों के भुगतान पर लगी रोक हटाने की मांग की जा रही है.

मांग पूरी होने तक जारी रहेगा धरना

धरने में जिप सदस्य भानु प्रताप सिंह, चुनचुन देवी, अमित सागर, खुशबू देवी, रविराज, जिप सदस्य प्रतिनिधि हिमांशु कुमार और जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता महतो सहित अन्य सदस्य शामिल हैं. सदस्यों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >