अनियंत्रित बाइक गड्ढे में गिरने से युवक की मौत, दो साथी गंभीर रूप से घायल

लखीसराय के किरणपुर-मानिकपुर पथ पर सोमवार को अनियंत्रित होकर बाइक गड्ढे में गिरने से मेदनीचौकी निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं प्राथमिक रूप से हादसे का कारण बाइक पर से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है.

सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट: मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किरणपुर-मानिकपुर पथ पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. रामू बाबा स्थान से आगे बरगद पेड़ के समीप एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी. इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए.

नियंत्रण खोने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मेदनीचौकी गांव निवासी तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मानिकपुर से अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही बाइक रामू बाबा स्थान के पास पहुंची, चालक शिवनंदन शर्मा (35 वर्ष) ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया. तेज रफ्तार बाइक सीधे सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी, जिससे तीनों युवक लहूलुहान होकर वहीं तड़पने लगे.

इलाज के लिए ले जाने के दौरान हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही मेदनीचौकी थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार पुलिस बल और 112 डायल टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सूर्यगढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल लखीसराय रेफर किया गया. सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. शाहिद वसीम ने बताया कि शिवनंदन शर्मा की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही हो गई थी. अन्य दो घायलों, पंकज कुमार और सिंटू कुमार का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है.

नशे में होने की आशंका, पुलिस कर रही जांच

हादसे के बाद स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि बाइक सवार युवक नशे की हालत में थे, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई. हालांकि, थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने स्पष्ट किया कि शराब सेवन की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >