जल निकासी को लेकर ग्रामीणों ने बीडीओ को सौंपा आवेदन

हलसी गांव में जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को बीडीओ अर्पित आनंद को लिखित शिकायत सौंपी

हलसी प्रखंड मुख्यालय के अंतर्गत हलसी गांव में जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को बीडीओ अर्पित आनंद को लिखित शिकायत सौंपी. ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में गलियों में घुटनों तक पानी भर जाता है. दर्जनों ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से बीडीओ को दिये आवेदन में बताया कि उचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण गलियों में गंदा पानी जमा हो जाता है. नियमित साफ-सफाई के अभाव में जगह-जगह गंदगी के ढेर भी लगे हुए हैं. ग्रामीण सुधांशु रंजन उर्फ छोटू कुमार ने बताया कि नालियों की सफाई न होने से घरों से निकलने वाला गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में बह रहा है. पानी के जमाव से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है और उन्हें गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है ग्रामीणों का आरोप है कि सक्षम अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया. इससे आवागमन में कठिनाई के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है. नुनुलाल सिंह ने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बीडीओ को इस संबंध में विस्तृत आवेदन सौंपा है. इस संबंध में बीडीओ अर्पित आनंद ने बताया कि जलजमाव को लेकर ग्रामीणों से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है. उन्होंने आश्वासन दिया कि आवेदन के अनुसार तत्काल जल निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुरानी नालियों की सफाई और मरम्मत करायी जायेगी, तथा आगामी वित्तीय वर्ष में नये नाले का निर्माण भी किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >