जिले की दो महिला पदाधिकारियों ने यूपीएससी परीक्षा में पायी सफलता

जिले के लिए शुक्रवार का दिन अत्यंत गौरव एवं प्रेरणादायक रहा

प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री रुचि सिंह ने किया अखिल भारतीय रैंक 171 प्राप्त अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुश्री स्मृति आनंद ने किया अखिल भारतीय रैंक 368 प्राप्त जिलाधिकारी ने दोनों पदाधिकारियों को किया सम्मानित लखीसराय जिले के लिए शुक्रवार का दिन अत्यंत गौरव एवं प्रेरणादायक रहा. जिले में कार्यरत दो महिला पदाधिकारियों ने देश की प्रतिष्ठित परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. बता दें कि लखीसराय के अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुश्री स्मृति आनंद ने यूपीएससी परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक 368 प्राप्त की है, जबकि प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री रुचि सिंह ने अखिल भारतीय रैंक 171 हासिल कर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की है. इन दोनों अधिकारियों की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है. मौके पर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र द्वारा दोनों सफल महिला पदाधिकारियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गयी. इस अवसर पर डीएम ने कहा कि यूपीएससी जैसी कठिन एवं प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है. स्मृति आनंद एवं रुचि सिंह ने अपने परिश्रम, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह सफलता प्राप्त कर जिले की बेटियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लखीसराय में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. उन्होंने आगे कहा कि आज महिलाएं प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान, खेल एवं अन्य सभी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं. इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने दोनों पदाधिकारियों की मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से जिले के युवाओं में भी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के प्रति सकारात्मक वातावरण बनेगा. जिला प्रशासन ने कहा कि लखीसराय की इन दोनों बेटियों की सफलता जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है, जो आने वाली पीढ़ियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेगी. इस अवसर पर एसडीओ प्रभाकर कुमार, तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >