जेवरात लाने-ले जाने के लिए मिलेंगे दो गार्ड, हर माह होगी समीक्षा

जेवरात लाने-ले जाने के लिए मिलेंगे दो गार्ड, हर माह होगी समीक्षा

स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त

बड़हिया. स्थानीय बाजार के स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है. बुधवार को स्थानीय थाना परिसर में थानाध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह के नेतृत्व में स्वर्ण व्यवसायियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए और व्यवसायियों को पुलिस के पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया गया.

लेनदेन के दौरान पुलिस देगी सुरक्षा कवच

बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह ने कहा कि एसपी के निर्देशानुसार स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है. उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि यदि किसी व्यवसायी को बड़ी मात्रा में नकद राशि या सोने-चांदी के आभूषण एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने हों, तो वे पुलिस से मदद मांग सकते हैं. ऐसी स्थिति में थाना स्तर से दो सुरक्षा गार्ड नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे. साथ ही, अधिक मात्रा में जेवरात खरीदने वाले ग्राहकों को भी आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी.

सीसीटीवी लगाना अनिवार्य, हर माह होगी बैठक

थानाध्यक्ष ने सुरक्षा के आधुनिक उपायों पर जोर देते हुए सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में तकनीकी सतर्कता बेहद जरूरी है. व्यवसायियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए अब हर महीने ऐसी समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि पुलिस और व्यवसायियों के बीच सीधा संवाद बना रहे.

व्यवसायियों ने जताया संतोष

पुलिस की इस अनूठी पहल पर बाजार के स्वर्ण व्यवसायियों ने हर्ष व्यक्त किया व एसपी व थानाध्यक्ष के प्रति आभार जताया. बैठक में मुख्य रूप से सर्किल इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, एसआई रोहित कुमार, एके सिंह, स्वर्ण व्यवसायी शंकर प्रसाद वर्मा, धीरज कुमार वर्मा, दिगंबर वर्मा, गौरी शंकर वर्मा, दिलीप कुमार वर्मा, प्रेम वर्मा, विकास वर्मा, पुरुषोत्तम वर्मा, अरुण कुमार, अनिल कुमार वर्मा, उत्तम कुमार वर्मा, मुकेश कुमार वर्मा, अंकुर वर्मा समेत बड़ी संख्या में कारोबारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >