शेखपुरा जिला के ठग धर्मरायचक मुहल्ले में किराये का मकान लेकर करते थे कार्य
ठगों के पास से बरामद कॉपी में डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों के मिले नंबर
लखीसराय. साइबर थाना की पुलिस ने एक बार फिर शहर के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मरायचक मुहल्ले में छापेमारी कर दो ठगों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है. पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष सुचित्रा कुमारी ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि साइबर अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों के विरूद्ध त्वरित कार्रवाई को लेकर केंद्रीकृत पोर्टल जिसके माध्यम से विभिन्न एजेंसियों, राज्यों एवं जिलों के बीच सूचना साझा किया जाता है. जिसके माध्यम से लखीसराय जिला अंतर्गत साइबर अपराधियों के सक्रिय होने की सूचना प्राप्त हुई थी. जिसके बाद प्राप्त सूचना के संदर्भ में और अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए तकनीकी टीम को आदेशित किया गया. जांच में यह बात स्पष्ट हुआ कि लोगों को कॉल कर अपने आप को प्रतिष्ठित कंपनियों का कर्मचारी बताते हुए लोन देने के नाम पर ठगी की जा रही है. जिसके उपरांत एसपी अजय कुमार को उपरोक्त बातों से अवगत कराते हुए उनके द्वारा दल बल के साथ टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मरायचक वार्ड नंबर छह स्थित एक मकान से दो ठगों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से ठगी में शामिल मोबाइल सहित आधा दर्जन मोबाइल, एक लैपटॉप, एक स्पाइरल बाइंडिंग कॉपी भी बरामद की गयी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार ठगों में शेखपुरा जिला के अरिअरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नौकाडीह गांव निवासी बलिराम महतो के 23 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार एवं उसी थाना क्षेत्र के हजरतपुर मडरो गांव निवासी संजय कुमार के 21 वर्षीय पुत्र राजा कुमार शामिल है. जो धर्मरायचक में किराये का मकान लेकर ठगी का काम किया करते थे.
डीएसपी ने बताया कि दोनों ठग विभिन्न कंपनियों से लोन दिलाने के नाम पर प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर लोगों से ठगी करते हैं. ठगी करने के बाद मोबाइल नंबर को बंद कर देते थे और दूसरा नंबर बदल कर पुन: दूसरे के साथ ठगी करते थे. डीएसपी ने बताया कि ठगों के पास से बरामद कॉपी में डेढ़ सौ से अधिक मोबाइल लिखे हुए थे. जिनको ठगों के द्वारा फोन करके अपना शिकार बनाया जा रहा था. डीएसपी ने बताया कि संभवत ये लोग दर्जनों लोगों को अपने झांसे में लेकर ठगी का शिकार बना चुके थे. छापेमारी एवं अनुसंधान टीम में उनके साथ साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक अजय कुमार, अवर निरीक्षक संजीव कुमार, सहायक अवर निरीक्षक प्रकाश कुमार तिवारी, प्रोग्रामर रत्नेश कुमार, सिपाही गौतम कुमार एवं डीआइयू टीम शामिल थी. बता दें कि तीन पूर्व भी साइबर थाना की पुलिस ने धर्मरायचक मुहल्ले में छापेमारी कर लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो ठगों को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार दोनों ठग भी शेखपुरा जिला का ही था. जिसके बाद लोग चर्चा करने लगे हैं कि शेखपुरा जिला के शातिर ठग शहर के धर्मरायचक मुहल्ले को अपना शेफ जोन बनाकर काम कर रहे थे. जिनका अब खुलासा होने लगा है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
