हलसी . स्थानीय थाना पुलिस ने अवैध बालू खनन व परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है. यह कार्रवाई सिकंदरा-शेखपुरा मुख्य मार्ग पर तरहारी पिकेट के समीप की गयी. पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के बालू माफियाओं व अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, तरहारी पिकेट के पास तैनात पुलिस बल ने जब बालू लदे ट्रैक्टर को आते देखा, तो उसे रुकने का इशारा किया. पुलिस को सामने देख चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया. गिरफ्तार चालक की पहचान जमुई जिले के खरसारी गांव निवासी उदरदेव सिंह के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है. हलसी के अपर थानाध्यक्ष रवींद्र प्रसाद ने बताया कि जब्त किए गए ट्रैक्टर पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं है. यह स्पष्ट रूप से अवैध खनन और परिवहन का मामला है. पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले आई है और चालक से पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध खेल में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके. अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब ट्रैक्टर मालिक की पहचान कर उसके विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध बालू के कारोबार को किसी भी कीमत पर फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा और आगे भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा.
बालू लदा ट्रैक्टर जब्त, चालक गिरफ्तार
बालू लदा ट्रैक्टर जब्त, चालक गिरफ्तार
