अधिवक्ता रामोतार साव को दी गयी अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि

अधिवक्ता रामोतार साव को दी गयी अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि

न्यायिक कार्य से अलग रहे अधिवक्ता, शोकाकुल परिवारों को एक-एक लाख की मिली आर्थिक मदद

लखीसराय. जिला विधिज्ञ संघ के नियमित एवं वरीय सदस्य अधिवक्ता रामोतार साव के आकस्मिक निधन पर शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया. शोक की इस घड़ी में जिला विधिज्ञ संघ के सदस्यों ने स्वयं को न्यायिक कार्य से पूरी तरह अलग रखा. शोक सभा की अध्यक्षता वरीय अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने की.

पार्थिव शरीर पर न्यायाधीशों व अधिवक्ताओं ने अर्पित किए पुष्प

दिवंगत अधिवक्ता रामोतार साव का पार्थिव शरीर जैसे ही व्यवहार न्यायालय परिसर में लाया गया, पूरा माहौल गमगीन हो गया. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा, प्रधान न्यायाधीश (परिवार न्यायालय) पवन कुमार झा सहित विभिन्न न्यायालयों के न्यायाधीशों और सैकड़ों अधिवक्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. वक्ताओं ने कहा कि साव हंसमुख व्यक्तित्व व निर्विवाद विधि-व्यवसाय के लिए जाने जाते थे. उनका निधन न्याय मंडल के लिए एक अपूरणीय क्षति है.

दो दिवंगत अधिवक्ताओं के आश्रितों को मिली सहायता

जिला विधिज्ञ संघ ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया. सभा में सर्वसम्मति से तय किया गया कि हाल ही में दिवंगत हुए दो अधिवक्ताओं—रामोतार साव व उपेंद्र मंडल के शोकाकुल परिवारों को संघ की ओर से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से प्रदान की जाएगी. बता दें कि एक दिन पूर्व ही उपेंद्र मंडल के निधन पर भी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे थे.

जज शिल्पी सोनी राज के निधन पर भी जताया शोक

इस दौरान लखीसराय की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा वर्तमान में नवादा की जिला न्यायाधीश शिल्पी सोनी राज के आकस्मिक निधन पर भी संघ ने गहरा दुख व्यक्त किया. अधिवक्ताओं ने उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके कार्यकाल को याद किया.

मौके पर एडीजे रजनी कुमारी, शुभनंदन झा, राजीव कुमार मिश्रा, नरेंद्र कुमार यादव, राजन कुमार, श्वेता वर्मा, दिव्य प्रकाश, तदर्थ समिति सदस्य रामाशंकर सिंह, पूर्व सचिव रविविलोचन वर्मा, ओमप्रकाश वर्मा, सुभाषचंद्र निराला, प्रदीप वर्मा, अशोक कुमार सिन्हा, रामविलास शर्मा, रजनीश कुमार, सार्जन प्रसाद सिंह, राजेश कुमार, धनंजय कुमार, रवीशचंद्र अम्बष्ठा समेत भारी संख्या में अधिवक्ता व न्यायिक कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >