नालंदा सहोदय क्लस्टर में लखीसराय के मेधावियों को किया गया सम्मानित

Lakhisari News : सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्रों का सम्मान कर नालंदा सहोदय क्लस्टर ने मेधावियों का उत्साह बढ़ाया. लखीसराय के नाथ पब्लिक स्कूल को भी विशेष सम्मान मिला.

लखीसराय से राजीव सिन्हा की रिपोर्ट : नालंदा सहोदय क्लस्टर के तत्वावधान में आयोजित ‘स्टूडेंट फेलिसिटेशन प्रोग्राम 2026’ में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में लखीसराय, जमुई, शेखपुरा, नालंदा और नवादा जिले के 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया. इस दौरान लखीसराय के नाथ पब्लिक स्कूल को भी उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया.

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का उद्घाटन गोपाल लाल यादव एवं राजीव कुमार मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया. समारोह में छात्रों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना, स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. इस अवसर पर गोपाल लाल यादव ने कहा कि सीबीएसई सर्वांगीण विकास की अवधारणा पर कार्य करता है और कार्यक्रम में इसकी झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी.

लखीसराय के लिए गौरव का पल

समारोह में लखीसराय से नाथ पब्लिक स्कूल की सक्रिय भागीदारी रही. विद्यालय की ओर से नाथ अभिनव, गौतम कुमार एवं चंदन कुमार शामिल हुए.सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 के सफल संचालन और उत्कृष्ट मूल्यांकन केंद्र के रूप में कार्य करने के लिए लखीसराय के डिप्टी सिटी कोऑर्डिनेटर को सम्मानित किया गया. यह सम्मान नाथ पब्लिक स्कूल को सीबीएसई अधिकारियों के हाथों प्रदान किया गया.

“ऐसे कार्यक्रम बच्चों का मनोबल बढ़ाते हैं”

नाथ पब्लिक स्कूल के मैनेजर नाथ अभिनव ने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों के लिए बेहद प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक है. उन्होंने नालंदा सहोदय क्लस्टर को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देते हैं.

40 विद्यालयों की रही भागीदारी

कार्यक्रम में डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल, नालंदा विद्या मंदिर, सेंट जोसेफ स्कूल और संस्कार पब्लिक स्कूल सहित करीब 40 विद्यालयों ने भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी छात्रों का उत्साहवर्धन और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यालयों को सम्मानित करना था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >