डीएम ने चापाकल मरम्मती दल को हरी झंडी दिखा किया रवाना
समाहरणालय परिसर से शनिवार को डीएम मिथिलेश मिश्र द्वारा “चापाकल मरम्मती दल” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया
चापाकल मरम्मती के लिए दूरभाष नंबर 06346-296112 पर करें फोन
जिला प्रशासन द्वारा गर्मी प्रारंभ होने से पूर्व अग्रिम तैयारी कर दी प्रारंभ
लखीसराय
समाहरणालय परिसर से शनिवार को डीएम मिथिलेश मिश्र द्वारा “चापाकल मरम्मती दल” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रखंडों में खराब पड़े चापाकलों की त्वरित मरम्मत कर आम जनता को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है. इस अवसर पर डीएम ने कहा कि गर्मी के दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या अक्सर उत्पन्न हो जाती है. ऐसे में जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि खराब पड़े चापाकलों की समय पर मरम्मत कर उन्हें चालू किया जाय, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पदाधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी प्रखंडों में सक्रिय रूप से कार्य करते हुए खराब चापाकलों की पहचान कर शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करें. बताया गया कि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, लखीसराय द्वारा प्रत्येक प्रखंड के लिए अलग-अलग “चापाकल मरम्मती दल” का गठन किया गया है. इन दलों में कनीय अभियंता एवं तकनीकी कर्मियों को शामिल किया गया है, जो संबंधित क्षेत्रों में जाकर चापाकलों की मरम्मत करेंगे. नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06346-296112 जारी किया गया है. डीएम ने कहा कि यह व्यवस्था इसलिए की गयी है ताकि शिकायत मिलने के बाद संबंधित दल तुरंत स्थल पर पहुंचकर चापाकल की मरम्मत कर सके.. जिला प्रशासन द्वारा गठित इस मरम्मती दल में लखीसराय, सूर्यगढ़ा, पिपरिया, बड़हिया, हलसी, चानन तथा रामगढ़ चौक प्रखंडों के लिए कनीय अभियंताओं को जिम्मेदारी दी गयी है. इसके अतिरिक्त सहायक अभियंता स्तर के पदाधिकारी भी पूरे कार्य की निगरानी करेंगे ताकि मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आये. मौके पर डीडीसी सुमित कुमार, कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग रूपेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.