श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : डीएम

महाशिवरात्रि को शांतिपूर्ण, सुरक्षित व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है

लखीसराय.

महाशिवरात्रि को शांतिपूर्ण, सुरक्षित व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. इसी क्रम में डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोक धाम) परिसर में बैठक की गयी. इसमें महाशिवरात्रि पर अशोक धाम मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी व समुचित कार्ययोजना तैयार की गयी. जिलाधिकारी ने मंदिर प्रबंधन समिति व संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व सुचारू आवागमन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

पार्किंग व आवागमन की विशेष व्यवस्था

डीएम ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संग्रहालय बालगुदर के समीप व बीएड कॉलेज मोड़ के पास वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जायेगी. बीएड कॉलेज मोड़ से मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए विशेष प्रबंध किए जायेंगे. पैदल चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए टोटो व फोर व्हीलर वाहनों की व्यवस्था जिला प्रशासन ने करेगी.

स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल की रहेगी पुख्ता व्यवस्था

मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों में मेडिकल टीम की तैनाती की जायेगी. आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवा व एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी. कार्यपालक अभियंता, विद्युत को महाशिवरात्रि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. वहीं नगर परिषद लखीसराय को मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों एवं शिव बारात मार्ग पर आकर्षक तिरंगा लाइटिंग की व्यवस्था करने को कहा गया है. श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में वाटर टैंकर भी लगाये जायेंगे.

शिव बारात मार्ग पर रहेगी कड़ी निगरानी

महाशिवरात्रि पर निकलने वाली पारंपरिक शिव बारात अशोक धाम मंदिर से प्रारंभ होकर एनएच-80, बालगुदर, विद्यापीठ, थाना चौक, स्टेशन रोड, पचना रोड बाईपास पुल, बीएड. कॉलेज मार्ग से गुजरते हुए पुनः अशोक धाम मंदिर में संपन्न होगी. शिव बारात के दौरान विधि-व्यवस्था एवं यातायात सुचारू रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी व संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जायेगी. सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने का निर्देश : डीएम ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा, भक्ति और सौहार्द के वातावरण में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना चाहिए. किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम समय रहते सुनिश्चित किए जाये. बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, एसडीएम प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार, डीटीओ मुकुल पंकज मणि, इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के सचिव डॉ. कुमार अमित, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी मृणाल रंजन, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, पुलिस उपाध्यक्ष यातायात सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >