आपसी रंजिश में किशोर की चाकू गोदकर हत्या

आपसी रंजिश में किशोर की चाकू गोदकर हत्या

किऊल थाना क्षेत्र के वृंदावन किऊल गांव में बुधवार सुबह की घटना

लखीसराय. जिले के किऊल थाना क्षेत्र अंतर्गत वृंदावन गांव में बुधवार की सुबह खूनी प्रतिशोध का सनसनीखेज मामला सामने आया. यहां महज 17 साल के एक छात्र ने आपसी रंजिश में 16 वर्षीय किशोर गौरव कुमार की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है. हत्या की इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

स्कूल के सामने सरेराह वारदात

मिली जानकारी के अनुसार, किऊल थाना के गोड्डीह निवासी मनोज यादव उर्फ मंजा का पुत्र गौरव कुमार (16 वर्ष) बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वृंदावन गांव स्थित मध्य विद्यालय के पास से गुजर रहा था. इसी दौरान आरोपित छात्र ने उसे रोका और विवाद के बाद ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया. लहुलुहान हालत में ग्रामीणों ने गौरव को विद्यापीठ चौक स्थित एक निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल भी भागे, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत बताया.

साल 2014 की रंजिश का लिया बदला

घटना की जड़ें 11 साल पुरानी दुश्मनी से जुड़ी हैं. बताया जा रहा है कि वर्ष 2014 में आरोपी नाबालिग के दादा की हत्या हुई थी, जिसका आरोप मृतक गौरव के पिता पर लगा था. हालांकि, बाद में पंचायत स्तर पर मामले में सुलह हो गई थी, लेकिन आरोपी किशोर के मन में बदले की आग सुलगती रही. बुधवार सुबह मौका मिलते ही उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया.

कहते हैं अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ शिवम कुमार किऊल थाना पहुंचे और मामले की छानबीन की. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आपसी रंजिश का मामला है. पूर्व में आरोपी के दादा की हत्या का आरोप मृतक के पिता पर लगा था, जिसे लेकर यह प्रतिशोध लिया गया है. वहीं, एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

मातम में बदला परिवार का माहौल

मृतक गौरव इसी वर्ष 10वीं की परीक्षा देने वाला था. होनहार पुत्र की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सदर अस्पताल में परिजनों के चीत्कार से वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं. ग्रामीण इस बात को लेकर भी स्तब्ध हैं कि एक नाबालिग के मन में बदले की भावना ने उसे इस उम्र में कातिल बना दिया.

————————————————-

11 साल पुराने ”जहर” ने ली छात्र की जान

लखीसराय. किऊल थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में बुधवार की सुबह खूनी रंजिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया. आपसी नोक-झोंक के बाद एक नाबालिग छात्र ने चाकू से वार कर किशोर गौरव कुमार की हत्या कर दी. इस घटना ने न केवल एक परिवार का चिराग बुझा दिया, बल्कि समाज और पुलिस के सामने कई अनुत्तरित सवाल भी खड़े कर दिए हैं.

बदले की आग ने छात्र को बनाया ”कातिल”

पुलिस की प्राथमिक जांच में हत्या की वजह बदले की भावना बताई जा रही है. चर्चा है कि आरोपी नाबालिग के दादा की हत्या करीब 11 वर्ष पूर्व कर दी गई थी. जिस समय यह वारदात हुई थी, आरोपी की उम्र महज 4-5 वर्ष रही होगी. स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर एक नाबालिग के जेहन में इतना जहर कैसे भरा गया कि उसने वर्षों पुरानी बात का बदला लेने के लिए हत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया.

घर-समाज की चर्चा ने दिमाग में बिठाया ””प्रतिशोध””

ग्रामीणों का मानना है कि बचपन से ही घर और समाज में दादा की हत्या की बार-बार चर्चा होने से नाबालिग के मन में बदले की भावना घर कर गई होगी. लोगों का कहना है कि उस दौर में तकनीक और सोशल मीडिया का इतना प्रभाव नहीं था, लेकिन बड़े-बुजुर्गों के बीच होने वाली रंजिश की बातों ने एक किशोर की मानसिकता को हिंसक बना दिया. यह घटना बाल मनोविज्ञान और सामाजिक परिवेश के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है.

परिजनों में मचा कोहराम, गमगीन हुआ माहौल

मृतक गौरव कुमार होनहार छात्र था और इसी वर्ष सीबीएसई बोर्ड से दसवीं की परीक्षा देने वाला था. उसकी मौत की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया. सदर अस्पताल में मृतक की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. सांत्वना देने पहुंचे लोगों की आंखें भी नम थीं. गौरव की पढ़ाई में रुचि और उसके शांत स्वभाव को याद कर हर कोई स्तब्ध है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >