लखीसराय, सूर्यगढ़ा. स्थानीय थाना क्षेत्र में तीन सितंबर 2026 की रात आयोजित बर्थडे पार्टी में अवैध हथियार के साथ डांस करने का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने तीसरे नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है. मामले में सूर्यगढ़ा थाना कांड संख्या 206/26 दर्ज किया गया था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तीनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार बर्थडे पार्टी में अवैध हथियार के साथ डांस करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह के लिखित बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी. मामले में तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया.
दो आरोपितों को पहले ही किया गया था गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहटपुर गांव निवासी बबन पासवान के पुत्र आशीष कुमार और शंकर साह के पुत्र साहिल कुमार को गिरफ्तार किया था. दोनों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
तीसरा आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में
मामले में राहटपुर गांव निवासी राजाराम पासवान के पुत्र सचिन कुमार की गिरफ्तारी उस समय नहीं हो सकी थी. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी. शनिवार को पुलिस ने सचिन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
तीनों आरोपितों को कोर्ट में किया गया पेश
सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो से जुड़े मामले में तीनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है. सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
