Suicide Case: लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र स्थित निस्ता गांव में शुक्रवार को 17 वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान महेश यादव के पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय भेज दिया.
बीए में नामांकन की कर रहा था तैयारी
परिजनों ने बताया कि राकेश कुमार ने हाल ही में इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण की थी और बीए में नामांकन की तैयारी कर रहा था. वह घर से कुछ दूरी पर निस्ता-कजरा राज्य पथ के किनारे स्थित बथान के एक कमरे में देर रात तक पढ़ाई करता था. देर रात तक पढ़ने के कारण वह अक्सर सुबह देर से उठता था.
कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ खुलासा
परिजनों के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे तक जब राकेश कमरे से बाहर नहीं निकला तो उन्हें चिंता हुई. काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद पिता महेश यादव ने कमरे की छत का हिस्सा हटाकर अंदर देखा तो राकेश फंदे से लटका मिला.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सूर्यगढ़ा थाना के एसआई मोहम्मद आलम एवं एएसआई मणिकांत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
गांव में शोक का माहौल
राकेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है. बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने बताया कि राकेश शांत स्वभाव, मेधावी और व्यवहार कुशल छात्र था. उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं
सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
