सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट:
Suryagarha Janta Darbar: राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार को भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन के लिए अंचल कार्यालयों में जनता दरबार आयोजित किया जाता है. लेकिन सूर्यगढ़ा अंचल कार्यालय में जनता दरबार व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. फरियादियों का आरोप है कि यहां जनता दरबार केवल औपचारिकता बनकर रह गया है और लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है.
12 बजे तक शुरू नहीं हो सकी सुनवाई
शनिवार को शिकायत मिलने पर प्रभात पड़ताल के तहत अंचल कार्यालय का जायजा लिया गया. दोपहर 12 बजे तक दूर-दराज से पहुंचे फरियादी अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए, लेकिन जनता दरबार की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी थी.
मौके पर अंचलाधिकारी स्वतंत्र कुमार और राजस्व अधिकारी जयकांत जायसवाल अपने-अपने कक्ष में अन्य प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त दिखाई दिए. अंचलाधिकारी से मिलने के लिए लोगों की लंबी कतार लगी हुई थी.
पांच थानों के मामलों की होती है सुनवाई
सूर्यगढ़ा अंचल कार्यालय में सूर्यगढ़ा, पीरी बाजार, कजरा, मानिकपुर और मेदनी चौकी थाना क्षेत्र से जुड़े भूमि विवादों की सुनवाई होती है. लेकिन दोपहर 12 बजे तक किसी भी थाना के पुलिस पदाधिकारी जनता दरबार में उपस्थित नहीं थे.
फरियादियों ने बताया कि पुलिस पदाधिकारियों के नहीं पहुंचने के कारण मामलों की सुनवाई शुरू नहीं हो सकी. लोगों का कहना था कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश के बाद ही पुलिस अधिकारी पहुंचेंगे, तब जाकर जनता दरबार की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
फरियादियों ने उठाए व्यवस्था पर सवाल
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकांश मामलों में केवल कागजी निष्पादन दिखाकर खानापूर्ति की जाती है. कई बार लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता.
फरियादियों का कहना है कि यदि जनता दरबार समय पर और नियमानुसार आयोजित हो तो भूमि विवादों के निपटारे में काफी मदद मिल सकती है.
अंचलाधिकारी बोले, जल्द होगी व्यवस्था में सुधार
इस संबंध में पूछे जाने पर अंचलाधिकारी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि जनता दरबार की व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि एक-दो सप्ताह के भीतर सभी संबंधित थाना के पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की कोशिश की जाएगी.
उन्होंने बताया कि अंचल कार्यालय में जगह की कमी के कारण व्यवस्थित तरीके से जनता दरबार आयोजित करने में परेशानी होती है. हालांकि जल्द ही इस समस्या का समाधान कर व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा.
