पंचायत की समस्याओं का समय पर करें समाधान: एसडीओ

प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बीआरसी भवन में गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त के निर्देशानुसार मासिक समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया

नल-जल व बिजली व्यवस्था पर जमकर उठा सवाल

बड़हिया

प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बीआरसी भवन में गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त के निर्देशानुसार मासिक समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता एसडीओ प्रभाकर कुमार ने की. बैठक में प्रखंड प्रमुख इंदु देवी, पंचायतों के जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में सबसे अधिक शिकायतें नल-जल योजना एवं बिजली विभाग से संबंधित रहीं. कई पंचायतों में नल-जल योजना की स्थिति को अत्यंत खराब बताया गया और समस्याओं के समाधान में विभागीय उदासीनता पर नाराजगी जतायी गयी. पिछली बैठक के बाद टाल क्षेत्र के सायरबीघा सहित अन्य स्थानों पर दो नये ट्रांसफॉर्मर लगाये गये हैं. गंगासराय पंचायत के वार्ड संख्या 8, 9, 11, 12 एवं 13 में पीएचईडी बोरिंग खराब होने की शिकायत करते हुए जनप्रतिनिधियों ने सीनियर बेसिक स्कूल के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण, विवाह भवन निर्माण तथा पंचायत भवन के अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी. वहीं लक्ष्मीपुर पंचायत में उद्घाटित पंचायत सरकार भवन में हल्का कर्मचारी की प्रतिनियुक्ति का मामला भी उठाया गया. जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कई सड़कों का टेंडर होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हुआ है, जबकि बाढ़ के दौरान आरंभ हुआ पुल निर्माण कार्य भी ठप पड़ा है. डुमरी पंचायत के मध्य विद्यालय में मात्र दो कमरों में सैकड़ों बच्चों के पठन-पाठन की समस्या का मुद्दा भी सामने आया. वहीं जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से ई-केवाईसी और फार्मर आईडी बनवाने की अपील करते हुए कहा कि इससे पीएम किसान सम्मान निधि सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लगातार मिलता रहेगा. बैठक के उपरांत एसडीओ प्रभाकर कुमार ने कहा कि पिछली बैठक में उठायी गयी समस्याओं के अनुरूप अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिसे गंभीरता से लिया गया है. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश देते हुए पंचायतों से आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में जिला परिषद सदस्य विनीता कुमारी ने जिला परिषद की भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया, जिस पर एसडीओ ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिया. बैठक में बीडीओ प्रतीक कुमार, सीओ राकेश आनंद, जिला कृषि पदाधिकारी श्रवण कुमार, मत्स्य विभाग की पूजा कुमारी सहित स्वास्थ्य, आईसीडीएस, पशुपालन, जीविका, श्रम, सांख्यिकी, खाद्य आपूर्ति, बिजली एवं पीएचईडी विभाग के पदाधिकारी, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >