लखीसराय में शारदीय खरीफ महा अभियान 2026 पर मंथन, हर किसान तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ: डीएम

Shardiya Kharif Campaign 2026 : लखीसराय समाहरणालय में सोमवार को शारदीय खरीफ महा अभियान 2026 को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में किसानों को समय पर बीज, तकनीकी सहयोग और योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया. जिला प्रशासन ने साफ कहा कि इस बार कोई भी किसान सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा.

लखीसराय से अजीत सिंह व देव कुमार की रिपोर्ट

Lakhisari News : समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में ‘शारदीय खरीफ महा अभियान 2026’ को लेकर अहम समीक्षा बैठक हुई. बैठक का उद्घाटन डीएम, डीडीसी सुमित कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया.

धान पर रहेगा सबसे ज्यादा फोकस

जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार ने जानकारी दी कि खरीफ सीजन में किसानों को अनुदानित दर पर एकड़ के हिसाब से बीज उपलब्ध कराए जाएंगे. इस वर्ष धान की खेती को सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई है. डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले का कोई भी किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे.

दलहन और मोटे अनाज को बढ़ावा

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जहां धान की खेती संभव नहीं है, वहां दलहन और मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा. किसानों को जैविक खाद के उपयोग की सलाह दी गई, जिससे फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार हो सके.

बेबी कॉर्न से लेकर संकर फसलों तक चर्चा

बैठक में बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, दलहन, संकर मक्का और संकर धान सहित विभिन्न खरीफ फसलों के बीज वितरण, प्रत्यक्षण और उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने बताया कि इस बार खरीफ फसल क्षेत्र में वृद्धि की संभावना है.

जैविक खेती और मिट्टी जांच पर जोर

किसानों को रासायनिक खाद के बजाय जैविक खाद अपनाने के लिए प्रेरित किया गया. साथ ही मिट्टी जांच, पौध संरक्षण और फसल सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. ‘आत्मा’ के परियोजना निदेशक ने प्रशिक्षण, किसान गोष्ठी और परिभ्रमण कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की.

क्लस्टर में होगी फल-सब्जी की खेती

जिला उद्यान पदाधिकारी ने बताया कि सब्जी और फलों की क्लस्टर खेती के लिए नई योजनाएं तैयार की जा रही हैं. कृषि विज्ञान केंद्र हलसी के वैज्ञानिकों ने उन्नत खेती, कीट प्रबंधन और संतुलित खाद उपयोग पर किसानों को जानकारी दी.

कर्मियों को मिलेगा सम्मान

फार्मर रजिस्ट्री कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कृषि, राजस्व एवं प्रखंड कर्मियों को जिला पदाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.

अधिकारियों और किसानों की रही उपस्थिति

बैठक में प्रगतिशील किसान, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे. पूरे कार्यक्रम में कृषि विकास को गति देने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar sinh

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >