कम लागत में सोलर ऊर्जा से दीर्घकाल तक बिजली खर्च में करें बचत: डीएम

जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी

डीएम ने की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को लेकर की समीक्षा जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर दिया विशेष जोर पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की है एक महत्वाकांक्षी योजना: डीएम लखीसराय. जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती, स्वच्छ एवं टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराना है. इस योजना के माध्यम से न केवल बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आयेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा. बैठक में जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया. इसके तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार, शिविरों का आयोजन, पंचायत स्तर पर जानकारी साझा करने तथा सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से लोगों को योजना से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा की गयी. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि योजना की जानकारी सरल भाषा में आम लोगों तक पहुंचायी जाय, ताकि अधिक से अधिक परिवार इसका लाभ उठा सकें. बताया गया कि एक किलोवाट सोलर सिस्टम की अनुमानित लागत 80 हजार रुपये है, जिस पर 30 हजार रुपये की सरकारी सब्सिडी उपलब्ध है. वहीं दो किलोवाट सोलर सिस्टम की अनुमानित लागत एक लाख 60 हजार रुपये है, जिस पर 60 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है. तीन किलोवाट सोलर सिस्टम की अनुमानित लागत दो लाख 10 हजार रुपये है, जिस पर 78 हजार रुपये की सरकारी सब्सिडी प्राप्त होगी. इस प्रकार नागरिक कम लागत में सोलर ऊर्जा अपनाकर दीर्घकाल में बिजली खर्च में भारी बचत कर सकते हैं. बैठक में डीआरएस सोलर प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे इस योजना को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करेंगे. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, त्वरित सेवा एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाय, ताकि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का अधिकतम लाभ लखीसराय जिले के नागरिकों तक सुनिश्चित किया जा सके. कंपनी द्वारा तकनीकी सहायता, उपभोक्ता मार्गदर्शन एवं स्थापना प्रक्रिया को सरल बनाने की प्रतिबद्धता दोहरायी गयी. बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, डीआरएस सोलर के सुधा रंजन, सहायक अभियंता राजस्व (बिजली विभाग) अरविंद कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >