मानदेय नहीं मिलने पर स्वच्छता कर्मियों ने किया प्रखंड मुख्यालय का घेराव
प्रखंड की सभी पंचायत के वार्डों में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों क़ो मानदेय नहीं मिलने से आक्रोशित स्वच्छता कर्मी व सुपरवाइजरों ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय में बीडीओ का घेराव करने पहुंचे.
By Rajeev Murarai Sinha Sinha | Updated at :
स्वच्छता कर्मियों ने कहा, 15 माह से नहीं मिला है वेतन, भूखमरी के समक्ष पहुंच गये परिवार
चानन. प्रखंड की सभी पंचायत के वार्डों में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों क़ो मानदेय नहीं मिलने से आक्रोशित स्वच्छता कर्मी व सुपरवाइजरों ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय में बीडीओ का घेराव करने पहुंचे. इस दौरान बड़ी संख्या में महिला व पुरुष स्वच्छता कर्मियों ने अपने बकाये मानदेय भुगतान को लेकर जमकर हंगामा किया. प्रखंड मुख्यालय के गेट पर स्वच्छता कर्मियों ने सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते सभी स्वच्छता कर्मियों के मानदेय भुगतान को लेकर अपनी आवाज को बुलंद किया. दरअसल वर्ष 2024 में 6 महीने का तथा वर्ष 2025 में 7 महीने का व 2026 में 2 महीने का वेतन कुल 15 महीने का वेतन भुगतान बकाया है. वेतन नहीं मिलने और प्रशासनिक उदासीनता की वजह से कई परिवारों के लिए होली फीकी रहने की आशंका है, जिससे बच्चों की शिक्षा और घरेलू जरूरतों पर भी बुरा असर पड़ रहा है. वेतन के अभाव में रंग और खुशी का त्यौहार मायूसी में बदल रहा है. वहीं स्वच्छता कर्मियों के लंबे इंतजार के बाद जब बीडीओ प्रखंड मुख्यालय नहीं पहुंचे तो स्वच्छता कर्मियों के प्रतिनिधि मंडल प्रखंड नाजीर शंभू प्रसाद को मांग पत्र दिया गया. स्वच्छता कर्मियों ने बताया की प्रखंड मुख्यालय से सकारात्मक आश्वासन मिला है.