Lakhisarai Camp : सूर्यगढ़ा प्रखंड के खावा राजपुर पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय खावा झपानी परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार और उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. ग्रामीणों की सुविधा के लिए विभिन्न विभागों के कुल 17 स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं.
जमीन विवाद के सबसे ज्यादा आवेदन, कुल 98 शिकायतें पहुंचीं
शिविर में सबसे अधिक आवेदन भूमि विवाद से जुड़े प्राप्त हुए. सिविल विभाग में जमीन संबंधी 42 आवेदन दर्ज किए गए, जबकि आपूर्ति विभाग को नौ आवेदन मिले. इसके अलावा अन्य विभागों से संबंधित 47 आवेदन प्राप्त हुए. अधिकारियों ने सभी आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का भरोसा दिया. ग्रामीणों ने भी एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने पर संतोष जताया.
बेहतरीन काम करने वाले छह शिक्षक हुए सम्मानित
लखीसराय जिले के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले छह शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. सम्मान पाने वालों में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय खावा राजपुर के प्रधानाध्यापक रूपेश कुमार, मध्य विद्यालय झपानी के प्रधानाध्यापक दशरथ प्रसाद, शिक्षक संतोष कुमार, अमित कुमार, विकास कुमार तथा शिक्षिका अनिशा कुमारी शामिल रहीं. सम्मान मिलने से शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखा गया.
स्वास्थ्य जांच, अन्नप्राशन और गोद भराई ने बढ़ाया आकर्षण
सहयोग शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच शिविर भी लगाया गया, जहां ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं. वहीं आईसीडीएस विभाग के स्टॉल पर अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया. इससे महिलाओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई.
जनसमस्याओं के समाधान का बना प्रभावी मंच
शिविर में मेदनी चौकी थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को गांव तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. ग्रामीणों ने भी उम्मीद जताई कि शिविर में दिए गए आवेदनों पर जल्द कार्रवाई होगी.
