बच्चों ने माता-पिता काे तिलक लगा व आरती उतार दिया सम्मान

नगर के वार्ड 20 स्थित प्राथमिक विद्यालय खुशहाल टोला में शनिवार को मातृ-पितृ पूजन समारोह का आयोजन कर बच्चों में संस्कार और पारिवारिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को सशक्त किया गया

बड़हिया. नगर के वार्ड 20 स्थित प्राथमिक विद्यालय खुशहाल टोला में शनिवार को मातृ-पितृ पूजन समारोह का आयोजन कर बच्चों में संस्कार और पारिवारिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को सशक्त किया गया. समारोह की अध्यक्षता विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ बबलू सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रधान शिक्षक परमानंद झा ने किया. इस दौरान स्कूली बच्चों ने अपने माता-पिता का चंदन तिलक लगाकर, फूल माला पहनाकर व आरती उतार सम्मान किया. इस भावुक क्षण ने कई अभिभावकों की आंखें नम कर दीं. मौके पर शिक्षक कृत्यानंद मिश्र ने कहा कि माता-पिता बच्चों के जीवन के प्रथम शिक्षक होते हैं. उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा देता है, लेकिन संस्कारों की नींव घर से पड़ती है. अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों के चरित्र निर्माण और नैतिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दें. शिक्षक मनोज पांडेय ने कहा कि बच्चे ही राष्ट्र का भविष्य है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और अनुशासन, स्वच्छता तथा समय पालन की आदत विकसित करें. कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यालय शिक्षा समिति के पदाधिकारियों का विद्यालय परिवार की ओर से फूल-माला भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया. मौके पर शिक्षिका पिंकी कुमारी, संगीता कुमारी, शिक्षक नवीन कुमार, समिति की सचिव नेहा देवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे. समारोह ने यह संदेश दिया कि जब परिवार और विद्यालय मिलकर बच्चों के सर्वांगीण विकास का संकल्प लेते हैं, तब शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य साकार होता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >