Lakhisarai PACS Election: लखीसराय. सदर प्रखंड के बालगुदर पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव का परिणाम बुधवार देर रात घोषित किया गया. मतगणना के बाद मौजूदा अध्यक्ष रामविलास सिंह विजयी घोषित किए गए. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिंह को पराजित कर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया.
त्रिकोणीय मुकाबले में मिली जीत
इस चुनाव में रामविलास सिंह, कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिंह और सुबोध कुमार सिंह के बीच मुकाबला था. मतगणना के अनुसार रामविलास सिंह को 336 वोट मिले, जबकि शत्रुघ्न सिंह को 250 और सुबोध कुमार सिंह को 119 मत प्राप्त हुए.
18 मत हुए अमान्य
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान दो मतदान केंद्रों के कुल 18 मत अमान्य घोषित कर रद्द कर दिए गए. इसके बाद वैध मतों की गणना के आधार पर रामविलास सिंह को विजयी घोषित किया गया.
सुबह से शाम तक चला मतदान
पैक्स चुनाव के लिए बुधवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. मतदान समाप्त होने के बाद शाम 6 बजे से मतगणना शुरू की गयी.
देर रात मिला जीत का प्रमाण-पत्र
Lakhisarai PACS Election: मतगणना पूरी होने के बाद देर रात निर्वाचन अधिकारियों ने विजयी प्रत्याशी रामविलास सिंह को जीत का प्रमाण-पत्र सौंपा. परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने खुशी का इजहार करते हुए एक-दूसरे को बधाई दी.
