दो बार एवरेस्ट विजय करने वाली पर्वतारोही ने छात्रों से किया संवाद
मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर में की पूजा-अर्चना व संग्रहालय का किया भ्रमण
लखीसराय. विश्व की इकलौती महिला पर्वतारोही जिन्होंने दो बार एवरेस्ट फतह किया है, पद्मश्री संतोष यादव बुधवार को लखीसराय प्रवास पर रहीं. इस दौरान उन्होंने आध्यात्मिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों में शिरकत की. सबसे पहले उन्होंने बड़हिया स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर में मत्था टेका और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इसके पश्चात उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय बड़हिया, किड्स भारती स्कूल चुहरचक और भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय बिहरौरा में छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद किया.
संस्कृत व संस्कृति से ही बचेगा देश
जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों को संबोधित करते हुए संतोष यादव ने भारतीयता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की रक्षा केवल संस्कृत भाषा से ही संभव है. देश के सांस्कृतिक उत्थान के लिए उन्होंने तमिल और संस्कृत के समन्वय को अनिवार्य बताया. पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति सचेत करते हुए उन्होंने बच्चों से फास्ट फूड और पैकेट बंद भोजन का त्याग करने की अपील की.
बच्चों को दी सूती कपड़े पहनने की सलाह
किड्स भारती स्कूल में छोटे बच्चों से मुखातिब होते हुए उन्होंने जल संरक्षण का संदेश दिया. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को सुझाव दिया कि बच्चों की पोशाक में सूती कपड़ों का अधिक प्रयोग करें. वहीं, आंबेडकर आवासीय विद्यालय में उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और प्रकृति से प्रेम करने के लिए प्रेरित किया.
संग्रहालय देख हुईं अभिभूत, डीएम से की मुलाकात
पर्वतारोही ने लखीसराय संग्रहालय का भी भ्रमण किया. वहां मौजूद प्राचीन मूर्तियों, कलाकृतियों और सिक्कों के संग्रह को देख वे काफी प्रभावित हुईं. अपने प्रवास के दौरान उन्होंने समाहरणालय पहुंचकर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र से शिष्टाचार मुलाकात की. डीएम ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया.
जगह-जगह हुआ नागरिक अभिनंदन
मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर परिसर में प्रतिभा चयन एकता मंच के उपाध्यक्ष डॉ. रामप्रवेश सिंह एवं सचिव पीयूष कुमार झा ने उन्हें अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया. मौके पर जेएनवी प्राचार्य नवीन कुमार सिन्हा, आंबेडकर आवासीय विद्यालय के प्राचार्य मुकुल कुमार, मुकुंद कुमार, ज्ञान रंजन, ऋतिक रोशन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
