मलेरिया दिवस पर स्वास्थ्य संस्थानों में दिलायी गयी शपथ
मलेरिया दिवस पर स्वास्थ्य संस्थानों में दिलायी गयी शपथ
हर वर्ष 25 अप्रैल को विश्व भर में मनाया जाता है मलेरिया दिवस
लखीसराय. प्रत्येक वर्ष 25 अप्रैल को विश्व भर में मलेरिया दिवस मनाया जाता है, जिसके उपलक्ष्य में जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में इस बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए शपथ समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जिला सिविल सर्जन डॉ जयप्रकाश सिंह ने बताया की मलेरिया रोग प्लास्मोडियम नाम का एक परजीवी है. जिसमे एकल-कोशिका वाला सूक्ष्मजीव है, जो मनुष्यों में संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है. उन्होंने बताया की हर साल 25 अप्रैल को मनाया जाने वाला विश्व मलेरिया दिवस का मुख्य उदेश्य है मलेरिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए लोगों को जागरूक करना. इस वर्ष का थीम ही है मलेरिया उन्मूलन करने के लिए प्रतिबद्ध, अब हम कर सकते हैं व अब हमें करना ही होगा. जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ अमित कुमार ने बताया की मलेरिया फैलने का मूल कारण गंदगी है, इसलिए अपने घर के आसपास जलजामव नहीं होने दें, जब भी सोंयें तो मच्छरदानी का प्रयोग जरूर करें, साथ ही इसके लिए घर एवं आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें. अगर घर के आसपास गड्ढा है एवं जलजमाव होता है तो उसमे किरोसिन तेल का छिड़काव करें. डॉ अमित ने बताया की ठंड लगना, सिरदर्द , उल्टी के साथ चक्कर आना, तेज बुखार एवं अत्यधिक पसीने के साथ बुखार का कम होना. ये बुखार प्रत्येक दिन होना या अंतराल करके लगातार तीन दिनों तक होना मलेरिया का मुख्य लक्षण है. इस तरह के लक्षण होने पर अपने नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जाकर इलाज जरूर करवायें. सदर अस्पताल के प्रागंण में शपथ समारोह में सदर, जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार नरेंद्र कुमार, अस्पताल प्रबंधक नंद किशोर भारती, पिरामल के प्रतिनधि राहुल कुमार झा के साथ जीएनम स्कूल की छात्राएं व स्टाफ नर्स उपस्थित थे.