आस्था व धार्मिक केंद्र बना है महायज्ञ का मंडप
28 अप्रैल तक चलेगा महायज्ञ, यज्ञ में सुबह शाम लग रही है भीड़
चाट पकौड़े आइसक्रीम की दुकान पर लगी रहती है भीड़
यज्ञ स्थल पर मनोरंजन के लिए झूला आदि की गयी है व्यवस्था
लखीसराय. शहर के सदर प्रखंड के सामने किऊल नदी में श्री श्री 108 विष्णु महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है. महायज्ञ में दूर दूर से लोग पहुंच रहे हैं. यज्ञ स्थल पर सुबह-शाम श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंच रहे हैं. शाम को बच्चे महिला यज्ञ स्थल पर पहुंचकर झूला, मौत का कुआं समेत अन्य मनोरंजन के साधनों का लुफ्त उठा रहे हैं. नौ दिवसीय महायज्ञ में शनिवार को छठे दिन भी भीड़ देखी गयी. सुबह यज्ञ स्थल पर महिला-पुरुष पहुंचे व पूजा पाठ किया. यज्ञ स्थल पर सबसे अधिक महिला श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है. पूरे दिन विद्वान पंडित के मंत्रोच्चारण से भक्ति का माहौल छाया रहता है. यज्ञ में बनारस के विद्वान पंडितों के द्वारा पूजा पाठ कराया जा रहा है. इस दौरान कई श्रद्धालु यज्ञ पंडाल का परिक्रमा करते हुए भी नजर आ रहे थे. चारों तरफ धूप अगरबत्ती के सुगंध से लोगों का धार्मिक उन्माद महक रहा था. 28 अप्रैल तक विष्णु महायज्ञ का आयोजन किया जाना है. बताया जाता है कि यज्ञ स्थल के जहां तक धूप धुआं जाता है वहां तक का वातावरण शुद्ध रहता है.
