भागलपुर स्थित खेल भवन में आयोजित चैंपियनशिप में पायी सफलता
खिलाड़ियों के स्वर्णिम प्रदर्शन पर जिला प्रशासन सहित खेल प्रेमियों दी बधाई
लखीसराय. भागलपुर स्थित खेल भवन में 25 अप्रैल 2026 को आयोजित तीसरे बिहार स्टेट मुआय थाई चैंपियनशिप 2026 में लखीसराय जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सभी वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में लखीसराय के कुल नौ खिलाड़ियों ने भाग लिया और सभी ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक अर्जित कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. विजेता खिलाड़ियों में एलीट वर्ग में सुमित कुमार, सीनियर वर्ग में वैभव सिंह, रवि कुमार, जूनियर वर्ग में सागर कुमार, गोपाल सिंह, ऋषभ कुमार, अनमोल कुमार, सब जूनियर वर्ग में आशीष कुमार एवं अभिराज कुमार ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है.
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आये खिलाड़ियों ने भाग लिया. प्रतियोगिता का आयोजन आधुनिक नियमों के तहत किया गया, जिसमें विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में मुकाबले आयोजित हुए. मुआय थाई प्रतियोगिताएं सामान्यतः नॉकआउट अथवा राउंड-रॉबिन प्रणाली पर आधारित होती हैं, जिसमें खिलाड़ियों को निर्धारित राउंड में अपनी तकनीकी श्रेष्ठता सिद्ध करनी होती है. मुआय थाई, जिसे “आर्ट ऑफ एट लिम्ब्स” भी कहा जाता है, थाईलैंड का पारंपरिक मार्शल आर्ट और राष्ट्रीय खेल है, जिसमें मुक्के, कोहनी, घुटने और पैरों का उपयोग कर प्रतिद्वंद्वी पर प्रहार किया जाता है.जिला कला एवं संस्कृति सह खेल पदाधिकारी मृणाल रंजन ने बताया कि लखीसराय के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन न केवल जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह दर्शाता है कि जिले में खेल प्रतिभाओं को सही दिशा और प्रशिक्षण मिलने पर वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं. जिला प्रशासन द्वारा सभी विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई दी गयी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी है. साथ ही यह भी आशा व्यक्त की गयी कि ये खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बिहार एवं देश का नाम रोशन करेंगे.
