ऑनलाइन मंगाया इनवर्टर, कार्टन से निकली चार ईंट

डुमरी पंचायत स्थित डुमरी गांव में सामने आया मामला

बड़हिया. प्रखंड क्षेत्र के डुमरी पंचायत स्थित डुमरी गांव में ऑनलाइन शॉपिंग से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. गांव निवासी लाल सिंह के पुत्र अंशु सिंह ने एक ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट से इनवर्टर बुक किया था. निर्धारित समय पर बुधवार को डिलीवरी एजेंसी का वाहन पार्सल लेकर उनके घर पहुंचा. जानकारी के मुताबिक डिलीवरी मिलने के बाद अंशु सिंह ने डिलीवरी कर्मियों के सामने ही पार्सल की जांच शुरू की. जैसे ही कार्टन खोला गया, सभी लोग दंग रह गये. इनवर्टर की जगह पैकेट के अंदर चार ईंट रखी हुई थीं. पैकिंग इतनी सलीके से की गयी थी कि बाहर से देखने पर पार्सल पूरी तरह असली इनवर्टर जैसा ही प्रतीत हो रहा था. घटना के बाद परिवार के लोग परेशान हो उठे, जबकि डिलीवरी कर्मी भी कुछ देर तक समझ नहीं पाये कि आखिर मामला क्या है. देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. लोगों के बीच ऑनलाइन खरीदारी की सुरक्षा और विश्वसनीयता को लेकर चर्चा शुरू हो गयी. बाद में डिलीवरी एजेंसी के कर्मचारियों ने अपने संचालक से ग्राहक की फोन पर बात करायी. एजेंसी संचालक ने मामले को गंभीर बताते हुए ग्राहक को भुगतान की गयी राशि वापस करने का भरोसा दिलाया. आश्वासन मिलने के बाद डिलीवरी वाहन अन्य जगहों पर सामान पहुंचाने के लिए रवाना हो गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >