लखीसराय. विगत 14 मई को लखीसराय की एक 20 वर्षीय युवती बड़हिया कॉलेज गंगा घाट से लापता है. जिसका अब तक पता नहीं चल सका है. जिसे लेकर परिजनों के द्वारा 14 मई को ही बड़हिया थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी थी. वहीं शनिवार को लापता युवती के परिजनों ने एसपी से मुलाकात कर आवेदन देते हुए अपनी बच्ची की बरामद करने की गुहार लगायी है. कवैया थाना क्षेत्र के गांधी टोला पटेल नगर वार्ड नंबर 17 निवासी रंजीत कुमार ने एसपी को दिये आवेदन में कहा है कि मंगलवार 14 मई को सुबह आठ बजे उनकी पुत्री लक्ष्मी अपनी मां सावित्री देवी के साथ गंगा स्नान करने बड़हिया कॉलेज घाट गयी थी. वहां पर जब उनकी पत्नी शौच के लिए चली गयी थी और जब लौटी तो उनकी पुत्री गायब थी. जिसके बाद उनकी पत्नी ने शोर शराबा किया और खोजबीन पूछताछ सबसे की मगर पता नहीं चला. जिसके बाद उनकी पत्नी ने बड़हिया थाना को खबर की, पुलिस आयी और खोजबीन की, लेकिन उनकी पुत्री का कहीं अता पता नहीं चला. जिसके बाद बड़हिया थाना में 14 मई को ही आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज किया गया, मगर पुलिस द्वारा किसी ढंग से जांच पड़ताल नहीं की जा रही है. आवेदन में कहा गया कि है कि उनके परिवार के सदस्यों द्वारा जगह-जगह का वीडियो फुटेज निकाला गया तब दिखा कि उनकी पुत्री लाल फ्रॉक काला पायजामा एवं खाली पैर चलते जा रही थी. उनकी पुत्री को स्थानीय लोगों और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा जगदंबा स्थान व मंदिर के वीडियो फुटेज में देखा गया. उन्होंने एसपी से जल्द से जल्द अपनी पुत्री की बरामदगी कराने की मांग की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
