बड़हिया में बंद रहीं दवा दुकानें, मरीजों को हुई परेशानी

आल इंडिया मेडिकल संगठन के आह्वान पर बुधवार को बड़हिया नगर में दवा दुकानदारों ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में दुकानें बंद रखीं

बड़हिया आल इंडिया मेडिकल संगठन के आह्वान पर बुधवार को बड़हिया नगर में दवा दुकानदारों ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में दुकानें बंद रखीं. बंदी का असर पूरे दिन बाजार में देखने को मिला. नगर के अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहने से मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. बाजार में सुबह से ही मेडिकल दुकानों पर ताले लटके रहे और दवा खरीदने पहुंचे लोगों को जरूरी दवाओं के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा. कई मरीज बिना दवा लिए वापस लौट गये. दवा व्यवसायियों ने बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री से स्थानीय मेडिकल दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है. उनका कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कई बार संदिग्ध गुणवत्ता की दवाएं भी बेची जाती हैं, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न हो सकता है. दवा व्यवसायी कुंदन कुमार, सोनू कुमार, मनीष कुमार, विकास कुमार, मुन्ना कुमार,अमित कुमार आदि ने बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण छोटे एवं मध्यम स्तर के मेडिकल दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. उन्होंने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण लगाने तथा स्थानीय दवा दुकानदारों के हितों की रक्षा करने की मांग की. हड़ताल के समर्थन में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश दवा दुकानें बंद रहीं, जिससे पूरे दिन दवा बाजार में सन्नाटा पसरा रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >