संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले 33 जगहों पर दंडाधिकारियों को किया तैनात

डीएम मिथिलेश मिश्र व एसपी अवधेश दीक्षित की संयुक्त अध्यक्षता में रविवार 15 फरवरी को मनाये जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित व श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारी की संयुक्त ब्रीफिंग अशोक धाम मंदिर परिसर में की गयी

लखीसराय.

डीएम मिथिलेश मिश्र व एसपी अवधेश दीक्षित की संयुक्त अध्यक्षता में रविवार 15 फरवरी को मनाये जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित व श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारी की संयुक्त ब्रीफिंग अशोक धाम मंदिर परिसर में की गयी. डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व विधि-व्यवस्था की तैयारी की है. जिले के विभिन्न संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले 33 स्थलों पर दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी व कर्मी कुल पांच शिफ्टों में अपनी ड्यूटी का निर्वहन करेंगे, ताकि 24 घंटे सतत निगरानी व प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके. प्रमुख मंदिरों, शिवालयों व धार्मिक स्थलों के अतिरिक्त शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, मार्गों, घाटों व जुलूस मार्गों पर विशेष चौकसी बरती जायेगी. भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग, अलग-अलग प्रवेश व निकास मार्ग, पार्किंग की समुचित व्यवस्था व ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है. यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए यातायात पुलिस व जिला परिवहन विभाग को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं.

मंदिर के आसपास सीसीटीवी कैमरों से रखी जायेगी निगरानी

मंदिर परिसरों व आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जायेगी. साथ ही महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है. अफवाहों पर रोक लगाने व किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों को तत्काल नियंत्रित करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम व गश्ती दल सक्रिय रहेंगे. आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल टीम, एंबुलेंस व प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की है. अग्निशमन विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके. विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं, जिससे रात्रि में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बरतें सावधानी

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों व श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें व किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस पदाधिकारी या नियंत्रण कक्ष को दें. नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा और सभी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जायेगी. डीएम ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने स्थलों पर निर्धारित समय से पूर्व उपस्थित रहकर सतर्कता व समन्वय के साथ कार्य करें. पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. मौके पर डीडीसी सुमित कुमार, एसडीएम प्रभाकर कुमार एसडीपीओ शिवम कुमार. वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, श्रीइंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के सचिव डॉ कुमार अमित सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DHIRAJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >