लखीसराय: प्राथमिक विद्यालय के मिड-डे मील में मिली छिपकली, 45 बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर ग्रामीणों का जोरदार हंगामा

लखीसराय के प्राथमिक विद्यालय दामोदरपुर में मिड-डे मील में छिपकली मिलने की घटना ने तूल पकड़ लिया. इस भोजन को खाने के बाद 45 बच्चे बीमार हो गए, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. हंगामे के कारण परीक्षा भी बाधित हुई, और अब मामले की जांच की जा रही है.

लखीसराय, हलसी. प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय दामोदरपुर में मध्याह्न भोजन में छिपकली गिरने के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया. शनिवार को हुई घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में सुबह विद्यालय पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. हंगामे के कारण विद्यालय में चल रही अर्द्धवार्षिक परीक्षा भी कुछ देर के लिए बाधित हो गयी. सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी संजीव कुमार राय मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद परीक्षा दोबारा शुरू करायी जा सकी.

भोजन खाने के बाद करीब 45 बच्चों की बिगड़ी थी तबीयत

जानकारी के अनुसार शनिवार को विद्यालय में मध्याह्न भोजन परोसे जाने के दौरान भोजन में छिपकली गिरने की बात सामने आयी थी. भोजन खाने के बाद करीब 45 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गयी थी. अभिभावकों और ग्रामीणों की मदद से सभी बीमार बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया.

घटना के बाद से ग्रामीणों में था आक्रोश

घटना के बाद से ही बच्चों के अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी थी. मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय परिसर में जुट गए. ग्रामीणों ने मध्याह्न भोजन व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. ग्रामीण साधु यादव, राजेंद्र यादव, भगवान ठाकुर, बनारस यादव, सहदेव यादव, कैलाश राम, गौतम राम, रामखेलावन राम, राजेंद्र मांझी, रंजय ठाकुर समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि रसोइया की लापरवाही के कारण यह घटना हुई. ग्रामीणों ने संबंधित रसोइया को तत्काल हटाने की मांग की.

हंगामे की सूचना पर पहुंचे सीओ

विद्यालय परिसर में हंगामे की सूचना फोन के माध्यम से हलसी के अंचलाधिकारी संजीव कुमार राय को दी गयी. सूचना मिलते ही सीओ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत की. उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा देते हुए ग्रामीणों को शांत कराया. इसके बाद विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा का संचालन फिर से शुरू कराया जा सका.

संयुक्त टीम ने की मामले की जांच

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एजाज आलम ने बताया कि मामले की जांच जिला मध्याह्न भोजन प्रबंधक दिपू कुमार, बीईओ एजाज आलम, बीआरपी रामगढ़ चौक और बीआरपी हलसी गोपाल सिंह की संयुक्त टीम ने की है. जांच के बाद विभाग को रिपोर्ट भेज दी गयी है. उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से प्राप्त निर्देश के अनुसार मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रधानाध्यापिका से मांगा गया स्पष्टीकरण

बीईओ ने बताया कि घटना के बाद विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शोभा कुमारी से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा गया है. विभागीय स्तर पर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.

मध्याह्न भोजन व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद प्राथमिक विद्यालय दामोदरपुर की मध्याह्न भोजन व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. ग्रामीणों ने भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >