लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट:
Lakhisarai weather update: जिले में कड़ी धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को लू का सामना करना पड़ सकता है, जबकि रात में भी उमस से राहत मिलने के आसार कम हैं.
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार दोपहर दो बजे तक तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. जिले में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बढ़ती गर्मी और नमी के कारण लोगों को अधिक पसीना और बेचैनी का सामना करना पड़ सकता है.
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जिले में दोपहर बाद आंधी-तूफान की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार तेज हवा की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके साथ ही बिजली चमकने और वज्रपात होने की भी आशंका व्यक्त की गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की अपील की है.
लू से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक गर्मी और लू से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए. बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें. धूप में निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकें तथा हल्के और सूती वस्त्र पहनें. सुबह 11 बजे से शाम चार बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचने की सलाह दी गई है.
किसानों को भी बरतनी होगी सतर्कता
मौसम विभाग ने किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है. खेतों और खलिहानों में रखी कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा तिरपाल से ढकने को कहा गया है, ताकि तेज हवा और संभावित बारिश से नुकसान न हो.
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में गर्मी और उमस का प्रभाव और बढ़ सकता है. अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है.
