लखीसराय में उमस और तेज धूप से लोग बेहाल, 39 डिग्री तापमान ने बढ़ाई परेशानी

Lakhisarai Weather: लखीसराय में गर्मी का सितम लगातार जारी है. सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है. मौसम विभाग ने दोपहर में बिना जरूरी काम घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है, क्योंकि गुरुवार को तापमान 39 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है.

Lakhisarai Weather :लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट. लखीसराय में उमस भरी गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. गुरुवार की सुबह से ही सूर्यदेव के तीखे तेवर ने लोगों को बेहाल कर दिया. हवा नहीं चलने के कारण उमस और ज्यादा महसूस की जा रही है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. मौसम विभाग के अनुसार जिले में गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं दिनभर बारिश की संभावना भी बेहद कम बतायी गयी है.

सुबह से ही दिखा सूर्यदेव का कड़ा रुख

गुरुवार की सुबह जैसे ही धूप निकली, लोगों को तेज गर्मी का एहसास होने लगा. सड़कों पर निकलने वाले लोग पसीने से तरबतर दिखे. सुबह के समय ही मौसम में भारी उमस महसूस की गयी. शहर के बाजारों और चौक-चौराहों पर दोपहर बढ़ने के साथ लोगों की आवाजाही कम होती दिखी.

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गर्मी लगातार बढ़ रही है और हवा नहीं चलने के कारण स्थिति और मुश्किल हो गयी है. घरों में भी लोग गर्मी और बेचैनी से परेशान हैं.

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग का कहना है कि शाम पांच बजे तक तेज धूप और गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है. बिना जरूरी काम के लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गयी है.

विशेषज्ञों ने कहा है कि लगातार बढ़ती गर्मी और उमस शरीर में पानी की कमी पैदा कर सकती है, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है.

ग्लूकोज और नींबू पानी पीने की सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ग्लूकोज और नींबू पानी का सेवन करने की सलाह दी है. धूप में निकलते समय छाता, टोपी या गमछा का इस्तेमाल करने को कहा गया है ताकि लू और तेज धूप से बचाव हो सके.

फिलहाल मौसम विभाग ने शाम तक बारिश की संभावना बेहद कम जतायी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है.

Also Read: ‘मार देहब गोली’…आंगनबाड़ी केंद्र बना डांस बार, बच्चों की क्लास में रातभर भोजपुरी गानों पर लगे ठुमके

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >