लखीसराय में बदला मौसम का मिजाज, बादल और पुरवा हवा से मिली राहत, दो दिन बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Lakhisarai Weather : लगातार उमस और तेज धूप से जूझ रहे लखीसरायवासियों के लिए राहत भरी खबर है. रविवार से मौसम करवट लेने लगा है. बादलों की आवाजाही और पुरवा हवा ने गर्मी का असर कम किया है, जबकि अगले दो दिनों तक बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है.

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट

Lakhisarai Weather : लखीसराय जिले में पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बाद रविवार को मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिले हैं. सुबह से आसमान में बादल छाए रहने और पुरवा हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई. मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को जिले में गरज-चमक के साथ बारिश तथा वज्रपात की संभावना जताई है. इसके साथ ही तेज हवा चलने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है.

दो दिनों तक बारिश और वज्रपात की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को जिले के कई इलाकों में बारिश हो सकती है. इस दौरान 21 से 27 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है. किसानों से भी दोपहर से पहले खेतों का कार्य पूरा कर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है.

मानसून से किसानों को मिलेगी राहत

बारिश की संभावना से किसानों में भी उम्मीद जगी है. आर्द्रा नक्षत्र में धान का बिचड़ा गिराने को लेकर किसान चिंतित थे, लेकिन अच्छी बारिश होने पर उनकी चिंता काफी हद तक दूर हो सकती है. इसके अलावा मोटे अनाज की खेती को भी बारिश का लाभ मिलने की उम्मीद है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जिले में 7 जुलाई तक बारिश का सिलसिला बना रह सकता है.

कृषि वैज्ञानिक ने दी जरूरी सलाह

Lakhisarai Weather : कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक सुभाष चंद्र चौधरी ने किसानों को बदलते मौसम के दौरान फसलों पर किसी भी प्रकार का रासायनिक छिड़काव नहीं करने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने धान का बिचड़ा पहले ही गिरा दिया है, वे खेतों में अधिक समय तक पानी जमा नहीं होने दें, क्योंकि इससे फसल को नुकसान पहुंच सकता है.

तापमान में रहेगी नरमी

रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना करीब 65 प्रतिशत जताई है. ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है.

Also Read: मानसून फिर हुआ सुस्त, बिहार के 18 जिलों में येलो अलर्ट, जानिए कब होगी झमाझम बारिश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pintu Pranav

प्रभात खबर में कंटेंट राइटर, जिन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 5 साल से ज़्यादा का अनुभव है. न्यूज़ राइटिंग, कंटेंट क्रिएशन, कॉपी एडिटिंग, हेडलाइन राइटिंग और फ़ैक्ट-चेकिंग में अनुभवी. कृषि, वन और पर्यावरण, शिक्षा, राजनीति, टेलीकम्युनिकेशन, धर्म और आध्यात्मिक मामले, सामाजिक मुद्दे, NGO और संस्थान, सरकारी कामकाज और समसामयिक मामलों जैसे कई विषयों पर काम किया है. संपादकीय मानकों और न्यूज़रूम की कार्यक्षमता को बनाए रखते हुए सटीक, प्रभावशाली और पाठकों पर केंद्रित पत्रकारिता करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >