Lakhisarai Train Accident: लखीसराय जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में महिला की जान चली गयी. घटना लखीसराय स्टेशन और रेलवे पुल के बीच हुई, जहां मालगाड़ी की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका की पहचान शेखपुरा जिले के चेवाड़ा थाना क्षेत्र के बड़ी पोखर निवासी अर्जुन प्रसाद नोनिया की 37 वर्षीय पत्नी बबीता देवी के रूप में हुई है.
मोबाइल पर बात करते हुए पार कर रही थी ट्रैक
प्राप्त जानकारी के अनुसार बबीता देवी मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं. इसी दौरान थ्रू सिग्नल से किऊल की ओर जा रही एक मालगाड़ी की चपेट में आ गईं. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई और शव क्षत-विक्षत हो गया.
आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची. आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद जवानों को तत्काल लखीसराय स्टेशन भेजा गया, जहां से महिला का शव बरामद किया गया.
मोबाइल और आधार कार्ड से हुई पहचान
Lakhisarai Train Accident: आरपीएफ ने बताया कि शव की तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ. इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान बबीता देवी के रूप में की गयी.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
ALSO RAED: मानपुर में बिजली विभाग का एक्शन, 9 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई, 4.63 लाख से अधिक का जुर्माना
