लखीसराय सदर अस्पताल में रात में औचक निरीक्षण में मिली गंदगी, ड्यूटी से गायब मिले डॉक्टर

Lakhisarai Sadar Hospital News : लखीसराय सदर अस्पताल के निरीक्षण में खुली लापरवाही की पोल, गंदगी देख भड़के अधिकारी

Lakhisarai Sadar Hospital News : लखीसराय से अजीत सिंह एवं देव कुमार की रिपोर्ट — जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार रात सदर अस्पताल लखीसराय का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें अस्पताल प्रबंधन की कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं. वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार ने अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया.

अस्पताल परिसर में फैली गंदगी पर भड़के अधिकारी

औचक निरीक्षण के दौरान वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार ने अस्पताल परिसर में जगह-जगह फैले कूड़े को देखकर नाराजगी जताई. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से सवाल किया कि सफाई व्यवस्था दुरुस्त क्यों नहीं है और कूड़ा समय पर क्यों नहीं हटाया गया.

अस्पताल प्रबंधन की ओर से सफाई संवेदक की लापरवाही को इसका कारण बताया गया. अधिकारियों ने कहा कि संबंधित संवेदक को पहले भी चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ.

इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी से गायब मिला डॉक्टर

निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड की स्थिति भी सवालों के घेरे में रही. वहां दो डॉक्टरों की ड्यूटी निर्धारित थी, लेकिन जांच के समय केवल एक चिकित्सक मौजूद मिले. दूसरा डॉक्टर ड्यूटी से अनुपस्थित पाया गया.

इस पर वरीय उप समाहर्ता ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांगा. उन्होंने कहा कि इमरजेंसी सेवा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि इससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है.

मरीजों से सीधे पूछी अस्पताल की हकीकत

निरीक्षण के दौरान शशि कुमार मरीज वार्ड में भी पहुंचे और भर्ती मरीजों तथा उनके परिजनों से बातचीत की. उन्होंने पूछा कि मरीजों को समय पर खाना और दवा मिल रही है या नहीं.

इसके अलावा अस्पताल में उपलब्ध अन्य सुविधाओं और इलाज की स्थिति को लेकर भी मरीजों से फीडबैक लिया गया. कई मरीजों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं.

जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

निरीक्षण के बाद वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार ने कहा कि पूरे निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी. अस्पताल में जो भी खामियां पाई गई हैं, उन्हें रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा ताकि आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

प्रशासन का कहना है कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे.

Also Read: सीएम सम्राट चौधरी ने स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी, 211 प्रखंडों में जुलाई से डिग्री कॉलेज शुरू करने का भी ऐलान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >