Solar Power Plant: लखीसराय जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियारपुर से घोंघी-कोड़ासी जाने वाली मुख्य सड़क बंद किए जाने के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप है कि कजरा सोलर पावर प्लांट द्वारा सड़क बंद कर दिए जाने से इलाके का संपर्क प्रभावित हो गया है. जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार के क्षेत्र भ्रमण की सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण सड़क पर जुट गए और प्रशासन से मार्ग को तत्काल खोलने की मांग की.
"रास्ता खोलिए, गांव बचाइए" के लगे नारे
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने "रास्ता खोलिए, गांव बचाइए" के नारे लगाए. उनका कहना था कि दो दिन पहले ही इस मामले में जिलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर हस्तक्षेप की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला. बरियारपुर-घोंघी-कोड़ासी मार्ग वर्षों से इलाके की मुख्य संपर्क सड़क रही है.
आवागमन हुआ प्रभावित, बढ़ी लोगों की परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार सड़क बंद होने से लोगों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ रहा है. कई गांवों के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध नहीं है. इससे रोजमर्रा के कार्यों के साथ खेती-बाड़ी और अन्य आवश्यक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं.
स्कूली बच्चों और मरीजों पर सबसे अधिक असर
Solar Power Plant: घोंघी-कोड़ासी निवासी धेना सोरेन ने बताया कि सड़क बंद होने से गांव का संपर्क लगभग टूट गया है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और मरीजों को हो रही है.स्थानीय निवासी मतिया देवी ने बताया कि बरियारपुर स्थित विद्यालय जाने का यही मुख्य रास्ता था. मार्ग बंद होने से छात्र-छात्राएं नियमित रूप से विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन भी प्रभावित
आंगनबाड़ी सेविका संजू कुमारी ने बताया कि सोमवार से सड़क बंद रहने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन भी प्रभावित हो गया है. छोटे बच्चे केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे पोषण और प्रारंभिक शिक्षा संबंधी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं.
स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी विवाद के लिए नहीं बल्कि अपने अधिकार और बुनियादी सुविधा के लिए है. उन्होंने जिला प्रशासन से जनहित में सड़क को जल्द खोलने तथा इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन सामान्य हो सके.
ALSO RAED: मानपुर में बिजली विभाग का एक्शन, 9 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई, 4.63 लाख से अधिक का जुर्माना
