लखीसराय से अजीत सिंह व देव कुमार की रिपोर्ट
Lakhisarai Police Line: लखीसराय पुलिस लाइन में महिला पुलिसकर्मियों के लिए 200 बेड क्षमता वाली अत्याधुनिक बैरक का निर्माण जल्द शुरू होने की संभावना है. बिहार सरकार के गृह विभाग की स्वीकृति के बाद जुलाई 2026 के पहले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है. इस परियोजना के पूरा होने पर महिला जवानों को वर्षों से चली आ रही आवासीय समस्या से राहत मिलेगी. साथ ही जिले में बड़े आयोजनों और विशेष अभियानों के दौरान बाहर से आने वाली महिला पुलिस बल के ठहरने की भी समुचित व्यवस्था हो सकेगी.
40-50 बेड की व्यवस्था से मिल सकेगी राहत
वर्तमान में लखीसराय पुलिस लाइन में महिला पुलिसकर्मियों के लिए केवल 40 से 50 बेड की व्यवस्था है. ऐसे में त्योहारों, चुनाव और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर दूसरे जिलों से आने वाली महिला पुलिसकर्मियों को स्कूलों या सामुदायिक भवनों में ठहराना पड़ता है. नई बैरक बनने के बाद यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी नई बैरक
प्रस्तावित बैरक में 200 महिला पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था होगी. इसमें डोरमेट्री के साथ डबल बेडरूम भी बनाए जाएंगे. प्रत्येक फ्लोर पर अटैच बाथरूम और शौचालय की सुविधा उपलब्ध होगी. इसके अलावा सोलर पावर बैकअप, आरओ पेयजल, इन्वर्टर और सीसीटीवी कैमरों जैसी आधुनिक सुविधाएं भी दी जाएंगी.महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरक के चारों ओर बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी तथा मुख्य प्रवेश द्वार पर महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी. परिसर में रसोईघर, डाइनिंग हॉल, लाइब्रेरी, जिम और महिला कर्मियों के छोटे बच्चों के लिए क्रेच रूम भी विकसित किया जाएगा.
ड्यूटी प्रबंधन होगा और आसान
Lakhisarai Police Line: पुलिस लाइन में वर्तमान में 112वीं बटालियन, जिला बल और महिला थाना की टीम तैनात रहती है. नई बैरक बनने के बाद मुहर्रम, दुर्गा पूजा, चुनाव और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान अतिरिक्त महिला पुलिस बल को तुरंत आवास उपलब्ध कराया जा सकेगा. इससे ड्यूटी रोस्टर तैयार करने और बल की तैनाती में भी काफी सुविधा मिलेगी.
स्वीकृति मिलते ही शुरू होगी निर्माण प्रक्रिया
पुलिस लाइन के डीएसपी रतनलाल ठाकुर ने बताया कि महिला पुलिस बैरक का प्रस्ताव वर्ष 2025 में ही तैयार किया गया था. गृह विभाग से अंतिम स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस परियोजना से महिला पुलिसकर्मियों को सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक आवास उपलब्ध होगा.
