लखीसराय से राजीव मुरारी सिन्हा की रिपोर्ट
Passport Camp Lakhisarai: लखीसराय जिले के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए अब पटना या भागलपुर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. विदेश मंत्रालय और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से 21 से 23 जुलाई तक समाहरणालय परिसर में विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जाएगा. इस शिविर के माध्यम से जिले के पात्र आवेदकों को स्थानीय स्तर पर ही पासपोर्ट सेवा उपलब्ध कराई जाएगी.
जिलाधिकारी और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी करेंगे उद्घाटन
तीन दिवसीय शिविर का उद्घाटन 21 जुलाई को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पटना की क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वधा रिजवी संयुक्त रूप से करेंगे. जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लोगों को घर के नजदीक पासपोर्ट संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें दूसरे शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़े.
तीन दिन में 165 आवेदनों का लक्ष्य
जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, शिविर में तीन दिनों के दौरान कुल 165 आवेदनों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. प्रतिदिन केवल 55 आवेदकों को अपॉइंटमेंट मिलेगा. इसलिए इच्छुक लोगों को समय रहते ऑनलाइन आवेदन करना होगा.
ऑनलाइन आवेदन करना होगा अनिवार्य
Passport Camp Lakhisarai: पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक आवेदकों को पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन के दौरान लोकेशन में "पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर, लखीसराय" का चयन करना आवश्यक होगा. निर्धारित अपॉइंटमेंट मिलने के बाद ही आवेदकों का आवेदन स्वीकार किया जाएगा.
पहले भी सफल रहा था शिविर
जिले में पासपोर्ट की बढ़ती मांग को देखते हुए इस विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है. इससे पहले 1 से 3 जुलाई 2025 तक आयोजित पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला था. उसी सफलता को देखते हुए एक बार फिर यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके.
