विभिन्न विभागों के 20 काउंटर लगाये गये, कई मामलों का मौके पर हुआ निपटारा
सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश गुप्ता की रिपोर्ट:
Lakhisarai news: पिपरिया प्रखंड के रामचंद्रपुर गांव स्थित पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को अनुमंडलाधिकारी प्रभाकर कुमार की अध्यक्षता में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने अपनी समस्याओं, सुझावों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन जमा किये.
पूर्वाह्न 10 बजे से शुरू हुए शिविर में विभिन्न विभागों के करीब 20 काउंटर लगाए गए थे. यहां राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आपूर्ति समेत अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन लिए गए.
अंचलाधिकारी परवीन अनुरंजन ने बताया कि पूर्वाह्न 11:30 बजे तक विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 64 आवेदन प्राप्त हुए थे. उन्होंने कहा कि शिविर को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे.
उन्होंने बताया कि कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों का निष्पादन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा. सभी प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को 30 दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
शिविर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई. इस पहल से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ मिला.
मौके पर पिपरिया थानाध्यक्ष सौरभ सुमन सहित कई प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
