लखीसराय में सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य अभियान को लेकर डालसा की बड़ी पहल

Lakhisarai News: लखीसराय में स्कूलों में हेल्प बॉक्स और हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने का निर्देश, बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान! स्कूलों में लगेगा हेल्प बॉक्स, पोक्सो एक्ट पर जागरूक करेगी डालसा

Lakhisarai News: लखीसराय से राजीव सिन्हा की रिपोर्ट, लखीसराय जिले में बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई है. “सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” अभियान के तहत शुक्रवार को डालसा कार्यालय में जिले के विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में पोक्सो एक्ट 2012 और जागृति स्कीम 2025 के तहत बच्चों को सुरक्षित वातावरण देने पर विस्तार से चर्चा हुई.

बैठक माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैय्यद मोहम्मद शब्बीर आलम के निर्देश पर आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता डालसा सचिव विधानंद सागर ने की.

स्कूलों में बनेगा लीगल अवेयरनेस कॉर्नर

बैठक के दौरान सभी विद्यालयों में “लीगल अवेयरनेस कॉर्नर” चिन्हित करने और हेल्प बॉक्स स्थापित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही हेल्पलाइन नंबर और अन्य जरूरी संपर्क नंबरों को स्कूल परिसर में प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने की बात कही गई.

डालसा सचिव ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित माहौल देना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि स्कूल और समाज की भी जिम्मेदारी है. इसके लिए जागरूकता बेहद जरूरी है.

पोक्सो एक्ट पर चलेगा जागरूकता अभियान

बैठक में मौजूद प्रधानाचार्यों ने शिक्षा संस्थानों में पोक्सो एक्ट-2012 और सुरक्षित बचपन अभियान को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर सहमति जताई.

इस दौरान नुक्कड़ नाटक, ऑडियो-वीडियो प्रेजेंटेशन, विजुअल्स और संवाद कार्यक्रमों के जरिए बच्चों को जागरूक करने की रणनीति तैयार की गई. साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों को भी संवेदनशील बनाने पर जोर दिया गया.

कई प्रमुख स्कूलों के प्रधानाचार्य रहे मौजूद

बैठक में केंद्रीय विद्यालय लखीसराय, महिला विद्या मंदिर, स्काई विजन पब्लिक स्कूल, केआरके उच्च विद्यालय, श्री दुर्गा उच्च विद्यालय नया बाजार, उच्च विद्यालय हलसी, बड़हिया, सूर्यगढ़ा, वलीपुर और तरहारी समेत कई विद्यालयों के प्रधानाचार्य शामिल हुए.

सभी स्कूल प्रतिनिधियों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग का भरोसा दिया.

बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी सक्रियता

डालसा की इस पहल को जिले में बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि स्कूलों में जागरूकता बढ़ने से बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मामलों में सकारात्मक बदलाव आएगा.

Also Read: एलपीजी गैस सब्सिडी को लेकर आया नया नियम, आधार वेरिफिकेशन नहीं कराया तो बंद होगी सब्सिडी, जानें लास्ट डेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >