एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर निर्माण को मंजूरी, नगर परिषद की बैठक में कई प्रस्तावों पर लगी मुहर

Lakhisarai Nagar Parishad Meeting: बैठक में सर्वसम्मति से शहर में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर के निर्माण को मंजूरी दी गई. इसके लिए एक करोड़ 16 लाख 3 हजार 400 रुपये की लागत स्वीकृत की गई. अधिकारियों ने बताया कि केंद्र बनने से आवारा पशुओं की संख्या नियंत्रित करने में मदद मिलेगी.

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट:

Lakhisarai Nagar Parishad Meeting: नगर परिषद कार्यालय स्थित सभापति कक्ष में शनिवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सभापति अरविंद पासवान ने की. बैठक में नगर विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए अहम निर्णय लिए गए.

बैठक में उप सभापति शिवशंकर राम, कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

₹1.16 करोड़ की लागत से बनेगा एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर

बैठक में सर्वसम्मति से शहर में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर के निर्माण को मंजूरी दी गई. इसके लिए एक करोड़ 16 लाख 3 हजार 400 रुपये की लागत स्वीकृत की गई. अधिकारियों ने बताया कि केंद्र बनने से आवारा पशुओं की संख्या नियंत्रित करने में मदद मिलेगी.

तालाबों की बंदोबस्ती और तिरंगे की मरम्मत का निर्णय

बैठक में नगर परिषद के अधीन आने वाले तालाबों की बंदोबस्ती कराने का निर्णय लिया गया. इसके लिए मत्स्य विभाग से आवश्यक नियमावली मंगाने का फैसला लिया गया. वहीं नगर परिषद क्षेत्र में क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय ध्वज की मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया गया.

एमआरएफ सेंटर से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए निर्णय लिया गया कि जमीन मालिक के साथ हुए एकरारनामे के अनुरूप ही कार्य कराया जाएगा. इसके लिए प्रस्ताव संख्या छह में आवश्यक संशोधन किया जाएगा.

जलजमाव की समस्या से निपटने की तैयारी

शहर को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए मशीन, पाइप और मानव बल के माध्यम से जल निकासी कराने का निर्णय लिया गया. समिति ने बारिश के मौसम को देखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.

बस स्टैंडों पर मनमानी वसूली पर लगेगी रोक

बैठक में शहर के दोनों बस स्टैंडों पर मनमानी वसूली की शिकायतों पर भी चर्चा हुई. समिति ने निर्णय लिया कि केवल निर्धारित दो स्थानों पर ही शुल्क की वसूली की जाएगी. इसके लिए संवेदक को पत्र भेजा जाएगा तथा टाउन थाना और कबैया थाना को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा.

कर्मियों के प्रभार में किया गया बदलाव

सफाई जमादार प्रिंस कुमार के पास मौजूद सभी फाइलें प्रभारी टैक्स दरोगा बीरेंद्र कुमार को सौंपने का निर्णय लिया गया. साथ ही प्रिंस कुमार को प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक के अधीन कार्य करने का निर्देश देने का फैसला लिया गया.

इसके अलावा अष्टघाटी पोखर योजना के प्राक्कलन को पुनरीक्षित कर पुनः निविदा आमंत्रित करने का भी निर्णय लिया गया.

बैठक में समिति सदस्य सुरेंद्र मंडल, सुनैना देवी और शबनम बानो समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >