लखीसराय : जिले के दूर-दराज, जनजातीय, टाल और दियारा क्षेत्रों में स्थित छह अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जल्द ही पोर्टेबल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध करायी जा सकती है. जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला स्वास्थ्य समिति लखीसराय शैलेंद्र कुमार ने स्वास्थ्य विभाग, बिहार के सचिव को पत्र लिखकर इन स्वास्थ्य केंद्रों के लिए पोर्टेबल एक्स-रे मशीन और एक्स-रे तकनीशियन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है.
स्वास्थ्य विभाग को भेजे गये पत्र में बताया गया है कि वर्तमान में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर जिला अस्पताल तक पैथोलॉजी और जैव रासायनिक जांच की सुविधा उपलब्ध है. ऐसे में एक्स-रे सुविधा शुरू होने से मरीजों को सामान्य जांच के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी.
छह स्वास्थ्य केंद्रों के लिए मांगी गयी मशीन
जिला प्रशासन ने अभयपुर, घोसैठ, कजरा, पाली, खुटहा और गेरूआ-पुरसंडा स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए पोर्टेबल एक्स-रे मशीन और तकनीशियन की मांग की है.
अभयपुर: सूर्यगढ़ा प्रखंड मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर और जनजातीय क्षेत्र के समीप स्थित है.
घोसैठ: सूर्यगढ़ा प्रखंड मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर है और जनजातीय क्षेत्र के समीप आता है.
कजरा: सूर्यगढ़ा प्रखंड मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.
पाली: बड़हिया प्रखंड मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर टाल क्षेत्र में स्थित है.
खुटहा: बड़हिया प्रखंड मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर दियारा क्षेत्र में है.
गेरूआ-पुरसंडा: हलसी प्रखंड मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.
ग्रामीण मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
इन स्वास्थ्य केंद्रों पर एक्स-रे सुविधा शुरू होने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को जांच के लिए जिला अस्पताल या निजी जांच केंद्रों तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी. खासकर दुर्घटना, हड्डी से जुड़ी समस्या और अन्य सामान्य मामलों में स्थानीय स्तर पर ही जांच की सुविधा मिलने से मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे.
