खगौर पंचायत में अब तक नहीं बना उप स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीणों में नाराजगी, कई बार भेजा जा चुका है प्रस्ताव

Lakhisari News : खगौर पंचायत में महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों के बावजूद उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना नहीं हुई है. ग्रामीणों को इलाज के लिए ग्रामीण चिकित्सकों और दूर के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.

Lakhisari News : लखीसराय सदर प्रखंड की खगौर पंचायत में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है. पंचायत में कई महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान होने के बावजूद अब तक उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना नहीं हो सकी है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने कई बार अधिकारियों को पत्र लिखकर स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की है.

वर्षों से उप स्वास्थ्य केंद्र की कर रहे हैं मांग

स्थानीय लोगों के अनुसार पूर्व विधायक प्रह्लाद यादव, मुखिया नाजिका खातून, पूर्व मुखिया मो. इरफान, पैक्स प्रबंधक रविकांत कुमार यादव और समाजसेवी नवल कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने समय-समय पर संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर खगौर पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग की है. इसके बावजूद वर्षों बीत जाने के बाद भी पंचायत को यह सुविधा नहीं मिल सकी है.

महत्वपूर्ण संस्थानों के बावजूद नहीं मिली स्वास्थ्य सुविधा

खगौर पंचायत में दानापुर मंडल का एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन, केंद्रीय विद्यालय, कर्पूरी छात्रावास, मध्य विद्यालय और माध्यमिक विद्यालय जैसे कई प्रमुख संस्थान मौजूद हैं. इसके बावजूद पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र का अभाव स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.

ग्रामीण चिकित्सकों के भरोसे है इलाज

पंचायत के अधिकांश लोग साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से जुड़े हैं. उप स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने के कारण ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए ग्रामीण चिकित्सकों या फिर दूर स्थित सरकारी अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है. इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है.

स्वास्थ्य विभाग ने दिए सकारात्मक संकेत

इस संबंध में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि जिले में कई नए उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाने की योजना है. इस प्रस्तावित सूची में खगौर पंचायत को भी शामिल किया जाना है. ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना होगी, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >