सूर्यगढ़ा. मिट्टी की खुशबू से निकलकर सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचने वाले रामपुर गांव के होनहार लाल आयुष ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. आयुष का चयन हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर हुआ है. इस सफलता से गांव में खुशी और गर्व का माहौल है, वहीं युवाओं के लिए आयुष प्रेरणा बन गये हैं. आयुष रामपुर गांव के चौठैया टोला के रहने वाले पंकज कुमार एवं प्रियंका कुमारी के पुत्र हैं. आयुष ने वर्ष 2025 में गेट परीक्षा में आठवां स्थान तथा वर्ष 2026 में गेट की परीक्षा में 13वां स्थान प्राप्त किया था.
एनआईटी नागपुर से ली इंजीनियरिंग की डिग्री
आयुष एनआईटी नागपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री ली है. उन्होंने अपनी 12वीं तक की शिक्षा बोकारो के डीएभी पब्लिक स्कूल कथार से पुरी की. आयुष ने डीएवी कथार से 2020 में दसवीं तथा 2022 में 12वीं की परीक्षा पास की. अप्लाइंग कैंडिडेट में ही उन्होंने जी-मेंस में अच्छा रैंक हासिल किया तथा वर्ष 2022 में एनआईटी नागपुर में माइनिंग में बी-टेक में दाखिला लिया. इंजीनियरिंग के पढ़ाई के तीसरे वर्ष में ही वर्ष 2025 में वे गेट परीक्षा में आठवां स्थान प्राप्त किया. 2025 के गेट के स्कोर तथा व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर उनका चयन भारत सरकार के उपक्रम हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर हुआ. आयुष अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजन के अलावा अपने ग्रामीण को देते हैं. जिनके मार्गदर्शन से उन्होंने सफलता का यह मुकाम हासिल किया.———————————————————————————————————
